महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत 4-1 से जीता:मलेशिया को हराया, डेब्यू मैच में गोल करने वाली पूजा प्लेयर ऑफ द मैच, चीन-जापान की भी विजयी शुरुआत

महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में मेजबान भारतीय टीम ने जीत के साथ अपने अभियान का शानदार आगाज किया।

भोपाल के बरखेड़ा नाथू स्थित हॉकी स्टेडियम में गुरुवार को दर्शकों से खचाखच भरे मैदान पर भारतीय बेटियों ने मलेशिया को 4-1 से शिकस्त दी। पूजा साहू प्लेयर ऑफ मैच रहीं।

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भव्य समारोह और आतिशबाजी के बीच टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। वहीं चीन और जापान ने भी अपने-अपने मुकाबले जीते।

भारत ने दूसरे क्वार्टर से बढ़त बनाई

भारत ने दूसरे क्वार्टर से बढ़त बनानी शुरू की और आखिरी क्वार्टर तक अपना दबदबा बनाए रखा। भारत की ओर से खान मुमताज, कप्तान सलीमा टेटे, पूजा साहू और लालरेमसियामी ने एक-एक गोल किया। मलेशिया के लिए नुरामीराह जुल्किफ्ली ने एकमात्र गोल दागा।

मैच के पहले क्वार्टर में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। दूसरे क्वार्टर में मलेशिया ने 19वें मिनट में नुरामीराह के गोल से बढ़त बनाई, लेकिन खान मुमताज ने 19 मिनट 40 सेकंड पर गोल कर भारत को बराबरी दिला दी।

तीसरे क्वार्टर में कप्तान सलीमा टेटे ने 34 मिनट 32 सेकंड और पूजा साहू ने 38 मिनट 50 सेकंड पर गोल कर भारत को 3-1 से आगे कर दिया। चौथे क्वार्टर में लालरेमसियामी ने 48 मिनट 25 सेकंड पर चौथा गोल दागकर भारत की जीत सुनिश्चित कर दी।

13 पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए

भारत ने पूरे मुकाबले में 13 पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, जिनमें से तीन को गोल में बदला। टीम ने एक फील्ड गोल भी किया। मलेशिया की टीम को कोई पेनल्टी कॉर्नर नहीं मिला। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने घरेलू मैदान पर अपने प्रदर्शन से दर्शकों को उत्साहित किया।

प्लेयर ऑफ द मैच पूजा साहू रहीं। यह इनका डेब्यू मैच था। मैच की खास बात यह रही कि मलेशिया की महिला खिलाड़ी हिजाब के साथ मैदान पर उतरी हैं।

कोच मारिन बोले- चीन से बड़े अंतर से जीतना चाहते हैं मुकाबले

भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने चीन को भारत का सबसे बड़ा प्रतिद्वंद्वी बताने से फिलहाल परहेज किया है। उनसे जब पूछा गया कि इस टूर्नामेंट में भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती कौन सी टीम है, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी तक चीन को खेलते हुए नहीं देखा है, इसलिए उसके प्रदर्शन का आकलन नहीं कर सकते। उन्होंने कहा, “मैंने अभी चीन को नहीं देखा है। उसकी टीम अलग है, इसलिए फिलहाल मैं इस बारे में कोई राय नहीं दे सकता।”

पहले हाफ में एकाग्रता की कमी, बड़े अंतर से जीतना चाहते हैं मुकाबले

मारिन ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने मौकों का सही इस्तेमाल नहीं किया। उनमें एकाग्रता और ऊर्जा का स्तर भी उम्मीद के मुताबिक नहीं था। उन्होंने कहा, “मैंने ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों से कहा कि एकाग्रता और ऊर्जा का स्तर काफी बढ़ाना होगा। हम खुद अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी हैं। हमें विरोधी टीम जितना खेलने का मौका दे, उसके हिसाब से नहीं, बल्कि अपनी क्षमता के अनुसार खेलना होगा।”

पेनल्टी कॉर्नर पर चिंता नहीं, तीन वैरिएशन से किए गोल

पेनल्टी कॉर्नर के प्रदर्शन पर मारिन ने माना कि इस मैच में कन्वर्जन रेट उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। हालांकि, टीम ने अलग-अलग वैरिएशन के जरिए तीन गोल किए। उन्होंने कहा कि भारत के पास अच्छे ड्रैग फ्लिकर और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने की क्षमता रखने वाली खिलाड़ी हैं। विपक्षी टीम के पहले रनर ने भी कई मौकों पर गेंद रोककर अच्छा बचाव किया। मारिन ने कहा कि पेनल्टी कॉर्नर को लेकर उन्हें चिंता नहीं है।

ओलंपियन समीर दाद बोले- चीन-जापान जैसी टीमों के खिलाफ सुधारना होगा कन्वर्जन रेट

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने मलेशिया के खिलाफ जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की, लेकिन टीम के पेनल्टी कॉर्नर कन्वर्जन रेट ने चिंता बढ़ाई है।

भारत को मिले 13 पेनल्टी कॉर्नर में से टीम सिर्फ एक को गोल में बदल सकी। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व ओलंपियन समीर दाद ने मैच के बाद इस प्रदर्शन का विश्लेषण करते हुए कहा कि टूर्नामेंट में आगे चीन और जापान जैसी मजबूत टीमों से मुकाबला होना है। ऐसे में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने की क्षमता में सुधार करना जरूरी होगा। उन्होंने कहा कि आगे के मुकाबलों में भारत को पेनल्टी कॉर्नर का कन्वर्जन प्रतिशत बढ़ाना होगा, क्योंकि चीन और जापान जैसी टीमों के खिलाफ ऐसे मौके गंवाना भारी पड़ सकता है।

एमपी में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बना: सीएम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सहित देशभर में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बना है और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय खेल हॉकी एक बार फिर अपने स्वर्णिम दौर में प्रवेश कर रहा है।

भोपाल में पहली बार महिला हॉकी की अंतरराष्ट्रीय एशियन चैंपियनशिप का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव और उपलब्धि का विषय है। बरखेड़ा नाथू स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल रही हैं।

पहला मैच: चीन के आगे बेबस दिखा थाईलैंड

दिन के पहले मुकाबले में चीन की टीम ने शुरुआत से ही थाईलैंड पर दबाव बनाए रखा। हालांकि पहले क्वार्टर में दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं और स्कोर 0-0 रहा, लेकिन दूसरे क्वार्टर में चीन ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए दो गोल दाग दिए।

मैच के 27वें मिनट में फेंग किंगमियाओ ने फील्ड गोल कर चीन का खाता खोला। इसके ठीक एक मिनट बाद डेंग क्यूचान ने दूसरा गोल दागकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। हाफ टाइम तक चीन इसी बढ़त के साथ मजबूत स्थिति में पहुंच गया था।

तीसरे क्वार्टर में चीन ने मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। 32वें मिनट में फेंग किंगमियाओ ने पेनल्टी कॉर्नर पर अपना दूसरा गोल किया। इसके अगले ही मिनट कप्तान वेई किक्सियाओ ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। 38वें मिनट में चेन युजुन ने फील्ड गोल किया, जबकि 42वें मिनट में डेंग क्यूचान ने अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 6-0 कर दिया।

अंतिम क्वार्टर में भी चीन का आक्रमण जारी रहा। 59वें मिनट के करीब झांग हेयांग ने पेनल्टी कॉर्नर पर सातवां गोल दागकर टीम की 7-0 से जीत पक्की कर दी।

चीन की ओर से डेंग क्यूचान और फेंग किंगमियाओ ने दो-दो गोल किए, जबकि वेई किक्सियाओ, चेन युजुन और झांग हेयांग ने एक-एक गोल का योगदान दिया। चीन ने मुकाबले में कुल 10 पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए और तीन को गोल में बदला। दूसरी ओर थाईलैंड की टीम पूरे 60 मिनट में एक भी गोल नहीं कर सकी।

दूसरा मैच : जापान ने आखिरी मिनट में कोरिया को 1-0 से हराया

दिन के दूसरे मुकाबले में जापान और दक्षिण कोरिया के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने मजबूत रक्षात्मक खेल दिखाया और एक-दूसरे को गोल करने का कोई आसान मौका नहीं दिया। पहले तीनों क्वार्टर में मुकाबला गोलरहित रहा।

जापान ने आक्रमण में लगातार दबाव बनाया और पेनल्टी कॉर्नर के कई मौके हासिल किए, लेकिन दक्षिण कोरिया की रक्षापंक्ति और गोलकीपर ने शानदार बचाव किया। चौथे क्वार्टर में भी मुकाबला बराबरी पर बना रहा और ऐसा लग रहा था कि मैच का फैसला ड्रॉ से होगा।

लेकिन आखिरी मिनटों में जापान ने बाजी पलट दी। मैच के 58:59 मिनट पर जापान को मिले पेनल्टी कॉर्नर पर सैतो हानामी ने शानदार गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। अंतिम क्षणों में दक्षिण कोरिया ने बराबरी के लिए पूरी ताकत लगाई, लेकिन जापान की रक्षापंक्ति ने उसे सफल नहीं होने दिया।

जापान ने कुल 13 पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन केवल एक को ही गोल में बदल सकी। टीम को एक पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला, जिसे गोल में नहीं बदला जा सका। दक्षिण कोरिया को दो पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक मिला, लेकिन वह पूरे मुकाबले में गोल का खाता नहीं खोल सकी।

पहले दिन चीन-जापान का दबदबा

टूर्नामेंट के शुरुआती दिन चीन और जापान ने अलग-अलग अंदाज में अपनी ताकत दिखाई। चीन ने जहां सात गोल की बड़ी जीत के साथ अपनी आक्रामक क्षमता का परिचय दिया, वहीं जापान ने आखिरी मिनट तक धैर्य बनाए रखते हुए करीबी मुकाबला अपने नाम किया।

पहले दिन के परिणामों से साफ है कि दोनों टीमें खिताब की दौड़ में मजबूत चुनौती पेश करने के इरादे से उतरी हैं। दूसरी ओर थाईलैंड और दक्षिण कोरिया को अपने शुरुआती मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।

भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा ले रही हैं। राउंड रॉबिन चरण में सभी टीमें एक-दूसरे से भिड़ेंगी और इसके बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। मेजबान भारतीय टीम भी घरेलू मैदान पर खिताब बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

छह देशों की टीमें कर रही हैं खिताब के लिए मुकाबला

भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत सहित छह देशों की महिला हॉकी टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें चीन, भारत, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड शामिल हैं।

प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम अन्य पांच टीमों के खिलाफ मुकाबला करेगी। लीग के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।

भारतीय महिला हॉकी टीम अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया के खिलाफ मुकाबले से करेगी। मेजबान भारत इस प्रतियोगिता का मौजूदा चैंपियन भी है।

भोपाल में अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी का बड़ा आयोजन

भोपाल के लिए यह प्रतियोगिता खास महत्व रखती है। शहर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन से मध्य प्रदेश में हॉकी को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

महिला हॉकी का अंतरराष्ट्रीय आयोजन पहली बार

भोपाल में इससे पहले वर्ष 2009 में वर्ल्ड सीरीज हॉकी का आयोजन किया गया था। हालांकि, महिला हॉकी का अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट शहर में पहली बार आयोजित हो रहा है। ऐशबाग स्टेडियम में कई वर्षों तक पुरुष हॉकी के नेशनल टूर्नामेंट भी आयोजित किए जाते रहे हैं। छह देशों की टीमों की मौजूदगी से भोपाल को अंतरराष्ट्रीय हॉकी की मेजबानी का एक और मौका मिला है।

चीन वर्ल्ड रैंकिंग में चौथे, भारत सातवें स्थान पर

टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही छह टीमों की वर्ल्ड रैंकिंग में चीन चौथे स्थान के साथ सबसे आगे है। भारतीय टीम सातवें स्थान पर है। जापान 11वें, कोरिया 15वें, मलेशिया 21वें और थाईलैंड 28वें स्थान पर है। एशियाई रैंकिंग में चीन पहले और भारत दूसरे स्थान पर है। ऐसे में भारतीय टीम के सामने घरेलू मैदान पर अच्छा प्रदर्शन कर खिताब की दावेदारी मजबूत करने की चुनौती होगी।

लीग चरण में भारत के पांच मुकाबले

भारतीय टीम लीग चरण में अपने पांचों प्रतिद्वंद्वी देशों से भिड़ेगी। टीम का पहला मुकाबला 19 नवंबर को मलेशिया से होगा। इसके बाद 21 नवंबर को कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से सामना होगा।

पहले दिन भारत और मलेशिया के मुकाबले का समय शाम 4:45 बजे रखा गया है, जबकि भारत के बाकी चार लीग मैच शाम 7 बजे खेले जाएंगे।

27 को पोजिशन मैच, 28 नवंबर को गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला

लीग चरण के मुकाबले 25 नवंबर को समाप्त होंगे। इसके बाद 27 नवंबर को टीमों की पोजिशन के आधार पर तीन मुकाबले खेले जाएंगे। दोपहर 2 बजे पांचवें और छठे स्थान की टीमें भिड़ेंगी। शाम 4:30 बजे पहले और चौथे स्थान की टीमों के बीच तथा शाम 7 बजे दूसरे और तीसरे स्थान की टीमों के बीच मुकाबला होगा।

28 नवंबर को शाम 4:30 बजे ब्रॉन्ज मेडल और शाम 7 बजे गोल्ड मेडल के लिए मैच खेला जाएगा। इसी के साथ 10 दिन तक चलने वाली इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप का समापन होगा।

घरेलू मैदान पर भारतीय टीम पर रहेंगी नजरें

भोपाल में छह देशों की महिला हॉकी टीमों की मौजूदगी से अंतरराष्ट्रीय खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। भारतीय टीम को घरेलू दर्शकों का समर्थन मिलेगा। टूर्नामेंट में चीन और जापान जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी अहम रहेगा।