रिटायरमेंट के बाद PF से हर महीने पैसा निकाल सकेंगे:बचे फंड पर 8.25% ब्याज मिलेगा, सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान को मंजूरी; जानें पूरा कैलकुलेशन

रिटायरमेंट के बाद आपको सैलरी की कमी नहीं खलेगी। EPFO ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की बैठक में SWP यानी सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान को मंजूरी दे दी है।

इसके तहत 58 साल की उम्र में रिटायर होने पर आप अपना पूरा PF एक साथ निकालने के बजाय, हर महीने सैलरी की तरह किस्तों में ले सकेंगे। सबसे बड़ा फायदा यह है कि हर महीने पैसा निकालने के बाद आपके खाते में जो रकम बची रहेगी, उस पर EPFO आपको 8.25% का ब्याज भी देता रहेगा। यानी घर खर्च के लिए हर महीने पैसे मिलते रहेंगे और आपका फंड भी बढ़ता रहेगा।

EPF का नया SWP सिस्टम कैसे काम करेगा?

मौजूदा नियमों के तहत, रिटायरमेंट के बाद EPFO मेंबर्स को अपना जमा किया हुआ पूरा PF यानी प्रॉविडेंट फंड एक बार में निकालना पड़ता है।

SWP सिस्टम में कर्मचारियों को यह ऑप्शन मिलेगा कि वे अपनी रिटायरमेंट सेविंग्स को EPFO के पास ही जमा रहने दें और उससे एक तय समय पर रेगुलर इनकम लें।

वर्तमान में EPFO सालाना 8.25% की दर से ब्याज दे रहा है, जो SWP करने पर भी मिलेगा। हालांकि, भविष्य में मिलने वाला रिटर्न संबंधित वित्तीय वर्षों के लिए घोषित ब्याज दरों पर निर्भर करेगा।

मेंबर की मृत्यु होने पर पैसे का क्या होगा?

EPFO के अनुसार, अगर किस्तें लेते समय किसी कर्मचारी की मृत्यु हो जाती है, तो उसका पैसा पूरी तरह सुरक्षित रहेगा। ऐसी स्थिति में परिवार या नॉमिनी के पास दो आसान विकल्प होंगे।

वे चाहें तो खाते में बची हुई सारी रकम एक ही बार में निकाल सकते हैं। या फिर वे कर्मचारी की तरह ही हर महीने या तय समय पर मिलने वाली किस्तों को आगे भी जारी रख सकते हैं।

बैंक FD से कितना ज्यादा फायदा होगा?

मान लजिए, रिटायरमेंट पर आपके EPF फंड में कुल 50 लाख रुपए हैं। 8.25% वार्षिक ब्याज दर पर हर महीने लगभग 0.6875% ब्याज बनेगा। यदि 20 साल तक हर महीने 30 हजार निकालते रहें तो भी आपके पास 75.33 लाख रुपए बचे रहेंगे।

हालांकि, EPFO ने यह भी साफ किया है कि वास्तविक पेआउट उस समय की ब्याज दरों, निकासी की अवधि और योजना की अंतिम शर्तों पर निर्भर करेगा।

EPFO की बैठक में लिए गए 3 और बड़े फैसले

SWP प्लान के अलावा, गुरुवार को हुई बैठक में EPFO ने कर्मचारियों की सहूलियत के लिए 3 और बड़े बदलावों को मंजूरी दी है:

  • 55 की उम्र से पहले 90% पैसा निकाल सकेंगे: अब तक खाते में कम से कम 25% पैसा छोड़ना जरूरी था, जिसे घटाकर सिर्फ 10% कर दिया गया है। यानी जरूरत पड़ने पर आप 55 साल की उम्र पूरी होने से पहले ही अपनी जमा पूंजी का 90% हिस्सा निकाल सकेंगे।
  • नौकरी छोड़ने के 2 महीने बाद ही पूरा PF मिलेगा: पहले नौकरी छोड़ने के बाद पूरा PF निकालने के लिए 12 महीने इंतजार करना पड़ता था। अब इस इंतजार को घटाकर सिर्फ 2 महीने कर दिया गया है।
  • पेंशन निकालने के नियम पहले जैसे ही: फाइनल पेंशन का पैसा निकालने के लिए इंतजार करने की समय-सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह पहले की तरह 36 महीने ही रहेगी।

आगे क्या होगा?

EPFO के इस फैसले से उन लाखों कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी, जो रिटायरमेंट के बाद अपना सारा पैसा एक साथ खर्च करने के बजाय हर महीने सैलरी जैसी तय कमाई चाहते हैं।

हालांकि, इसका फायदा किन लोगों को मिलेगा, आवेदन कैसे करना होगा और यह नया नियम किस तारीख से लागू होगा- इसे लेकर सरकार की ओर से फाइनल गाइडलाइंस आना बाकी है।