हरियाणा के रेवाड़ी शहर स्थित आस्था कुंज से 2 बच्चे फरार हो गए। इसकी भनक तब लगी जब शनिवार की सुबह बच्चों की गिनती शुरू हुई। इसके बाद आस्था कुंज के अधिकारियों की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई। सिटी पुलिस दोनों बच्चों को तलाशने में जुटी है। दोनों रात के अंधेरे में खिड़की खोलकर छत के रास्ते फरार हुए।
31 बच्चों में से 2 गायब
मिली जानकारी के अनुसार, फरार होने वाले बच्चों में एक झज्जर जिले का तो दूसरा पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। झज्जर जिले का रहने वाला 15 साल का बच्चा 8 जुलाई को ही CWC की तरफ से रेवाड़ी आस्था कुंज पहुंचा था। जबकि फरार होने वाले दूसरे की उम्र सिर्फ 10 साल है। आस्था कुंज में फिलहाल 31 बच्चों को रखा गया था। शनिवार सुबह जब गिनती की गई तो 29 की बच्चे मिले। इसके बाद हर बच्चे को नाम के साथ आवाज लगाई गई। जिसके बाद दो बच्चों के फरार होने की जानकारी मिली तो वहां हड़कंप मच गया।
फिलहाल सुराग नहीं
इसकी सूचना फौरन पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पुलिस की एक टीम जांच के लिए आस्था कुंज भी पहुंची। साथ ही सिटी पुलिस दोनों बच्चों की तलाश करने में जुटी है। अभी दोनों बच्चों का सुराग नहीं लग पाया है। आस्था कुंज की तरफ से दोनों बच्चों के लापता होने की शिकायत दी गई है।
फरार हुए बच्चे को सिंगर बनने का शोक
आस्था कुंज की अधीक्षक मुग्धा यादव ने बताया कि झज्जर जिले का रहने वाला बच्चा 8 जुलाई को ही उनके पास आया था। बच्चा पहले भी कई बार घर से भाग चुका है। सिंगर बनने के लिए वह मुम्बई भाग गया था। किसी संस्था की मदद से वह यहां पहुंचा। उसके बाद से ही वापस जाने की जिद कर रहा था। इसके परिजनों को भी कई बार बुलाया गया, लेकिन वे उसे लेने पहुंचे। रात के वक्त सभी बच्चे सोए हुए थे। तभी वह एक 10 साल के दूसरे बच्चे को बहला फुसलाकर खिड़की से छत के रास्ते भाग निकला। इसकी शिकायत पुलिस को दे दी गई है।
पहले भी हो चुके हैं फरार
बता दें कि रेवाड़ी स्थित आस्था कुंज से बच्चों के फरार होने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी यहां से कई बार बच्चे फरार हो चुके है, जिसमें स्टाफ की बड़ी लापरवाही भी देखने को मिलती रही। एक बार फिर बच्चे के फरार होने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।