यूपी में हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब, उनके बेटे पर मुकदमा:मोटे मुनाफे का लालच देकर 150 लोगों से ठगी का आरोप, कंपनी बंद कर फरार

यूपी के संभल जिले में मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब और उनके बेटे अनस हबीब समेत 3 लोगों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ है।

आरोप है, FLC (Follicle Global Company) में लोगों से निवेश कराने के बाद कंपनी बंद कर फरार हो गए। इस कंपनी में निवेशकों को जोड़ने और ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवाने में जावेद हबीब और उनके बेटे ने अहम भूमिका निभाई थी। पीड़ितों के मुताबिक, उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ। उन्हें कंपनी की ओर से किसी प्रकार की रिटर्न पेमेंट नहीं किया गया।

2023 में जावेद हबीब संभल आए थे

साल 2023 में जावेद हबीब अपने बेटे के साथ संभल आए थे। यहां उन्होंने FSL कंपनी का एक कार्यक्रम किया था। इस कार्यक्रम में जावेद ने अपनी कंपनी FLC में लोगों से निवेश करने के लिए कहा था। करीब 150 से ज्यादा लोगों ने उनकी कंपनी में निवेश किया था। हालांकि, काफी समय बीत जाने के बाद भी जब पीड़ितों को पैसे नहीं मिले तो उन्होंने जावेद हबीब के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।

पीड़ितों ने थाने में की थी शिकायत

एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया, संभल में थाना रायसत्ती में पीड़ितों ने शिकायत की थी। एएसपी आलोक भाटी ने 5 लोगों की शिकायत मिलने के बाद जांच की। जांच के बाद पाया गया कि जावेद हबीब, उनके बेटे अनस हबीब और एक अन्य साथी ने कंपनी के नाम से धोखाधड़ी की। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि FLC कंपनी के जरिए लोगों से ऑनलाइन निवेश के नाम पर धोखाधड़ी की गई। पीड़ितों से वसूली गई रकम का कोई रिटर्न उन्हें नहीं दिया गया।

एसपी के अनुसार, रॉयल पैलेस, सरायतरीन (संभल) में आरोपियों ने एक मीटिंग बुलाई थी। इसमें करीब 100-150 लोगों को बुलाया गया। इन्हें 50 से 75 प्रतिशत तक मुनाफा दिलाने का लालच दिया गया। लोगों से बाइनेंस कॉइंस और बिटकॉइन ट्रेनिंग के नाम पर पैसा इन्वेस्ट कराया, लेकिन जब निवेशकों ने पैसा वापस मांगा तो कंपनी को बंद कर आरोपी फरार हो गए।

ऑनलाइन और कैश में दी गई रकम

पीड़ित मोहम्मद हिलाल, अमान, रिहान माजिद हुसैन और मोहम्मद नईम ने शिकायत में बताया- उन्होंने अपने बैंक खातों और यूपीआई से सैफुल नाम के युवक को पैसे ट्रांसफर किए थे। सैफुल खुद को कंपनी का डायरेक्टर बताता था। कुछ रकम नकद में भी दी गई।

इसके बदले सैफुल ने कंपनी की ऑनलाइन आईडी बनाकर उन्हें जोड़ा। उन्होंने ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की जानकारी भी पुलिस को उपलब्ध कराई।

पीड़ितों ने पुलिस को दिया एक वीडियो

पीड़ितों ने एक वीडियो भी पुलिस को दिया है। इसमें सैफुल करनाल (हरियाणा) में आयोजित जावेद हबीब के एक कार्यक्रम में भाषण देता नजर आ रहा है। इससे यह स्पष्ट होता है कि सैफुल जावेद हबीब के सीधे संपर्क में था। पीड़ितों का आरोप है कि इसी वजह से वह संभल में लोगों को विश्वास में लेकर पैसा लगवाता था।

पीड़ित बोले- अब तक रिटर्न नहीं मिला

पीड़ितों का कहना है कि मार्च 2024 के बाद कंपनी की ओर से किसी भी तरह का रिटर्न नहीं मिला और न ही मूलधन वापस किया गया। वहीं सैफुल का कहना है उसने कभी डायरेक्टर होने का दावा नहीं किया। खुद भी कंपनी में पैसे लगाए। इसमें उसे करीब 2 लाख रुपए का नुकसान हुआ।

जावेद हबीब का विवादों से रहा पुराना नाता

3 जनवरी 2021 को मुजफ्फरनगर में एक शो के दौरान महिला के बालों पर थूका और उसकी खूबी बताई। जावेद का बालों पर थूकते हुए वीडियो भी सामने आया था। जावेद हबीब ने बालों के रखरखाव और शैंपू का महत्व बताया। कहा- इस थूक में जान है। जिस महिला के सिर पर थूका गया, उनका नाम पूजा गुप्ता था। वह बागपत के बड़ौत की रहने वाली थीं।

मशहूर हेयर ड्रेसर जावेद हबीब पहले भी विवादों में रहे हैं। 2017 में उन्होंने अपने सलून के लिए कोलकाता में एक एड दिया था। फोटो में दिख रहा था कि एक भगवान फेशियल करवा रहे हैं। गणेश जी गल्ले पर बैठे पैसे गिन रहे हैं, लक्ष्मी देवी मेकअप कर रही हैं, दुर्गा माता कतार में हैं तो कई अन्य देवी-देवता भी बैठे हैं।विज्ञापन में कैप्शन लिखा था ‘‘भगवान भी जेएच सैलून जाते हैं।’’ इसी कैप्शन को लेकर जावेद हबीब सोशल मीडिया में जबरदस्त ट्रोल हुए।

उन पर हिंदू देवी-देवताओं के अपमान का आरोप लगा था और बनारस में उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हुआ था। हालांकि, सोशल मीडिया पर माफी मांगकर पहले ही जावेद ने अपनी सफाई दे दी है।

  • अगस्त, 2020 में कोरोना की पहली लहर में मथुरा में हबीब के सैलून में छापेमारी हुई। इसमें सैलून का स्टाफ कोविड संक्रमित मिला।
  • अप्रैल 2019 में हबीब ने लोकसभा चुनाव के आसपास भाजपा ज्वाइन कर ली। इसके बाद लोगों ने भाजपा नेताओं के जावेद हबीब के साथ मीम्स बनाकर शेयर किए।
  • अप्रैल 2017 में वाराणसी के विश्वनाथ मंदिर और माता अन्नपूर्णा दरबार में माथा टेकने के कारण वह चर्चा में आए।

    जावेद हबीब देश के मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट और बिजनेसमैन हैं। वह जावेद हबीब एंड ब्यूटी लिमिटेड कंपनी के मालिक हैं। उनकी देश भर ब्यूटी और हेयर सैलून की फ्रेंचाइजी है। भारत के साथ विदेशों में भी इनके सैलून और एकेडमी है। जोवद हबीब के दादा और पिता ने पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी समेत कई बड़े नेताओं के बाल काटे थे।

    वहीं जावेद हबीब से कई क्रिकेटर, बिजनेस टायकून और फैशन इंडस्ट्री की हस्तियां जुड़ी रही हैं। कॉर्पोरेट और फिल्म इंडस्ट्री के बड़े इवेंट्स में वे खुद या उनकी टीम अक्सर हेयर स्टाइलिंग करती हैं।उन्होंने अपने करियर में कई मशहूर हस्तियों के बाल काटे हैं, जिनमें अमिताभ बच्चन, लता मंगेशकर, रणबीर कपूर, सलमान खान और बॉबी देओल शामिल हैं।

E-Paper 2025