सोना ₹640 महंगा होकर ₹1.27 लाख के करीब:चांदी ₹1,633 सस्ती हुई; इस महीने सोना रोज ₹720 चढ़ा, चांदी ₹2,669 महंगी हुई

आज सोने के दाम में तेजी और चांदी में गिरावट है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने के दाम 640 रुपए बढ़कर ₹1,26,792 पर पहुंच गया है। कल ये 1,26,152 रुपए पर था। इस महीने के पहले 15 दिन में सोना 10,803 रुपए महंगा हुआ है, यानी रोजाना औसत 720 रुपए।

वहीं, चांदी की कीमत 1,633 रुपए घटकर 1,76,467 रुपए प्रति किलो पर आ गया है। कल चांदी 1,78,100 रुपए के ऑल टाइम हाई पर थी। वहीं, चांदी का भाव भी 34,033 रुपए यानी रोजाना 2,669 रुपए बढ़ा है।

फेस्टिव सीजन, इंडस्ट्रियल डिमांड और ग्लोबल सप्लाई में कमी और मांग बढ़ने की वजह कीमतों में लगातार तेजी है।

इस साल सोना ₹50,630 और चांदी ₹90,450 महंगी हुई

इस साल अब तक सोने की कीमत 50,630 रुपए बढ़ी है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए का था, जो अब 1,26,792 रुपए हो गया है।

चांदी का भाव भी इस दौरान 90,450 रुपए बढ़ गया है। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी, जो अब 1,76,467 रुपए प्रति किलो हो गई है।

1.55 लाख रुपए तक जा सकता है सोना

गोल्डमैन सैच की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, बैंक ने अगले साल तक सोने के लिए 5000 डॉलर प्रति औंस का टारगेट रखा है। मौजूदा एक्सचेंज रेट के हिसाब से रुपए में यह लगभग 1,55,000 रुपए प्रति 10 ग्राम होगा। ब्रोकरेज फर्म पीएल कैपिटल के डायरेक्टर संदीप रायचुरा ने कहा कि सोना 1,44,000 रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है।

तीन बड़े कारण, जिससे आई सोने में तेजी

  • फेस्टिव सीजन डिमांड: दिवाली-धनतेरस पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है। इससे बायिंग इंटरेस्ट मजबूत हो गया है, भले ही हाई प्राइसेस की वजह से क्वांटिटी कम हो।
  • जियोपॉलिटिकल टेंशन: मिडिल ईस्ट में उथल-पुथल और ट्रेड वॉर की चिंताओं के कारण निवेशक सोना खरीद रहे हैं। अमेरिका की नीतियों को लेकर अनिश्चितता है।
  • केंद्रीय बैंकों की खरीदारी: दुनियाभर के बड़े बैंक डॉलर पर निर्भरता कम करना चाहते हैं। इसलिए वे अपने खजाने में सोने का हिस्सा लगातार बढ़ाते जा रहे हैं।

चांदी की कीमत 3 कारणों से बढ़ रही

  • सोने की तरह दिवाली जैसे त्योहारों की वजह से चांदी की मांग बढ़ी है।
  • रुपए की कमजोरी के कारण चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है।
  • इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल जैसे उद्योगों में चांदी की मांग बढ़ी है।

अभी सोने में निवेश का सही समय नहीं

केडिया एडवाइजरी डायरेक्टर अजय केडिया के अनुसार सोना इस साल करीब 60% बढ़ चुका है, ऐसे में आगे शॉर्ट टर्म में तेजी की उम्मीद कम है। लोग मुनाफा वसूली कर सकते हैं। हालांकि इसमें लॉन्ग टर्म के लिए निवेश फायदा दे सकता है।

सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान

1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें: हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग से पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है।

2. कीमत क्रॉस चेक करें: सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है।

E-Paper 2025