शेयर बाजार में गिरावट:सेंसेक्स 261 अंक गिरकर 60,421 पर, निफ्टी 80 अंक टूटा; अडाणी ग्रुप के सभी शेयरों में 5% की गिरावट

भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन, यानी सोमवार (13 फरवरी 23) को गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 261 अंकों गिरकर 60,421 के स्तर के आस-पास कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी भी 80 अंक की गिरावट के साथ 17,775 के स्तर पर आ गया है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 19 शेयरों में गिरावट और सिर्फ 11 शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है।

अडाणी ग्रुप के सभी शेयरों में 5% की गिरावट
वहीं अडाणी ग्रुप की कंपनियों के सभी शेयरों में आज गिरावट देखने को मिल रही है। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर में 6.75% की गिरावट आई है। इसके अलावा अडाणी ट्रांसमिशन, पोर्ट्स, विल्मर, पावर, टोटल गैस, ग्रीन एनर्जी, अंबुजा सीमेंट और NDTV के शेयरों में 5-5% की गिरावट देखने को मिल रही है। वहीं ACC के शेयर में 3% से ज्यादा की गिरावट आई है। 24 जनवरी को हिंडनबर्ग की रिपोर्ट सामने आने के बाद से ही अडाणी ग्रुप के शेयरों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।

अडाणी एंटरप्राइजेज और पोर्ट्स निफ्टी-50 के टॉप लूजर
अडाणी एंटरप्राइजेज, अडाणी पोर्ट्स, SBI, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस, M&M, डिविस लैब, TCS और HDFC लाइफ समेत निफ्टी-50 के 32 शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है। वहीं टाइटन, LT, बजाज ऑटो, आयशर मोटर्स, NTPC, भारती एयरटेल, डॉ रेड्‌डी और पावर ग्रिड और ONGC समेत निफ्टी के 18 शेयरों में तेजी आई है।

PSU बैंक सेक्टर में सबसे ज्यादा 2.46% की गिरावट
NSE के सभी 11 सेक्टोरल इंडेक्स में गिरावट देखने को मिल रही है। PSU बैंक सेक्टर में सबसे ज्यादा 2.46% की गिरावट आई है। मीडिया सेक्टर में भी 2% से ज्यादा की गिरावट है। IT, मेटल और रियल्टी सेक्टर में 1% से ज्यादा की गिरावट दिख रही है। इसके अलावा बैंक, ऑटो, फाइनेंशियल सर्विसेज, FMCG, फार्मा और प्राइवेट बैंक सेक्टर में भी गिरावट देखने को मिल रही है।

शुक्रवार को भी गिरावट में बंद हुआ था बाजार
इससे पहले शेयर बाजार में हफ्ते के पांचवें और आखिरी कारोबारी दिन, यानी शुक्रवार (10 फरवरी 23) को गिरावट देखने को मिली थी। लगातार 2 दिन की तेजी के बाद बाजार में यह गिरावट आई थी। सेंसेक्स 123 अंकों की गिरावट के साथ 60,682 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी भी 36 अंक गिरकर 17,856 के स्तर पर आ गया था।