इस हफ्ते सोने-चांदी में शानदार तेजी:सोना 1,372 रुपए चढ़ा, चांदी 74 हजार के पार निकली

इस हफ्ते सोने-चांदी के दामों में शानदार तेजी देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के अनुसार सर्राफा बाजार में इस हफ्ते की शुरुआत, यानी 3 अप्रैल को सोना 59,251 रुपए पर था, जो अब 8 अप्रैल को 60,623 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। यानी इस हफ्ते इसकी कीमत 1,372 रुपए बढ़ी है। इसी हफ्ते 5 अप्रैल को सोने ने नया ऑल टाइम हाई बनाया था। तब 10 ग्राम सोना का दाम 60,977 रुपए पर पहुंच गया था।

कैरेट के हिसाब से सोने की कीमत

कैरेट भाव (रुपए/10 ग्राम)
24 60,623
23 60,380
22 55,531
18 45,467

चांदी में भी शानदार तेजी
IBJA की वेबसाइट के अनुसार इस हफ्ते चांदी में ढाई हजार रुपए से ज्यादा की तेजी देखने को मिली है। इस हफ्ते की शुरुआत में ये 71,173 रुपए पर थी जो अब 74,164 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। यानी इस हफ्ते इसकी कीमत 2,991 रुपए बढ़ी है।

65 हजार तक जा सकता है सोना
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक, सोने में 2020 से शुरू सुपर साइकिल अब भी जारी है। इस साल सोना 62,000 तक पहुंचने का अनुमान था, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में ये 64,000 तक पहुंच सकता है।

IIFL सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट अनुज गुप्ता कहते हैं कि शेयर बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के कारण सोने को सपोर्ट मिल रहा है। इसके चलते इस साल के आखिर तक सोना 65 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है।

सोना 61,000 पहुंचा, क्या अभी लेना सही रहेगा, जानें इसमें इन्वेस्टमेंट के 4 तरीके
दस ग्राम सोने की कीमत बुधवार को 61,000 के करीब पहुंच गई। ये सोने का अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। पिछले साल अक्टूबर में सोना लगभग 50,000 रुपए प्रति दस ग्राम था। यानी 6 महीने में सोने ने 20% से ज्यादा का रिटर्न दिया है। सोने में आई इस तेजी का एक कारण ग्लोबल मंदी की आशंका से सोने की डिमांड में आई तेजी को बताया जा रहा है।