यूपी में 5 दिन से भीषण गर्मी पड़ रही है। प्रदेश में गर्मी और लू से पिछले 24 घंटे में 51 लोगों की जान चली गई। महोबा में लू की चपेट में आकर ट्रेन चलाते समय लोको पायलट बेहोश हो गया। ट्रेन ढाई घंटे महोबा स्टेशन पर खड़ी रही। हाथरस में साइकिल चलाते समय युवक बेहोश होकर गिर गया।
प्रयागराज बुधवार को देश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। यहां 49°C तापमान दर्ज किया गया। कानपुर में गर्मी का 36 साल का रिकॉर्ड टूट गया, तापमान 48.4°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं 3 शहरों नोएडा, मथुरा और आगरा में आंधी के साथ तेज बारिश हुई।
पूर्वी यूपी में आज मौसम बदल गया है। कई जिलों में बादल छाए हैं। 7 जिलों में बारिश का अलर्ट है। 45 जिलों में हीटवेव का ऑरेंज और यलो अलर्ट भी है। मौसम विभाग का कहना है कि आज पश्चिम यूपी के तापमान में भी 1-2 डिग्री की गिरावट आएगी। भीषण गर्मी पड़ने के आसार कम हैं। यूपी में 1 जून से प्री-मानसून आ सकता है।
एडवाइजरी जारी: आज उमस भरी गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। हीट इंडेक्स 55 से 58 तक पहुंच गया है। इसका असर शरीर पर बेहद विपरीत पड़ता है। शरीर को ढक कर ही बाहर निकलें। डॉक्टरों की सलाह है कि बच्चे और बुजुर्ग सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक बाहर निकलने से बचें।
आज और कल कैसा रहेगा मौसम
बारिश: पूर्वी यूपी में आज मौसम बदलेगा। बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, संतकबीर नगर, गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर में बारिश के आसार हैं। 31 मई को 11 जिलों में बारिश का अलर्ट है।
गर्मी: पश्चिम और मध्य यूपी में आज गर्मी पड़ेगी। हीटवेव का ऑरेंज और यलो अलर्ट है। हालांकि किसी भी जिले में पारा 47 डिग्री के पार नहीं जाएगा। तापमान में एक से दो डिग्री की कमी आ सकती है।
45 जिलों में आज हीटवेव की चेतावनी
29 शहरों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संतरविदास नगर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
16 शहरों में यलो अलर्ट
प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, फर्रुखाबाद, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर और कासगंज में लू का यलो अलर्ट जारी है।