हरियाणा में 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक भारतीय जनता पार्टी का आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान जारी है। इसी कड़ी में आज पूरे प्रदेश में बीजेपी नेता “आत्मनिर्भर भारत रेल यात्री संपर्क अभियान” में शामिल होंगे। इस दौरान नेता रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से संवाद करेंगे और स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे चंडीगढ़ में संवाद
अभियान के तहत हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर लोगों से बातचीत करेंगे। वे यात्रियों को आत्मनिर्भर भारत के संदेश से जोड़ने और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील करेंगे।
केंद्रीय मंत्री और सांसद भी होंगे शामिल
मुख्यमंत्री के अलावा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, राव इंद्रजीत, राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा, सांसदों और पूरी कैबिनेट को रेल यात्री संपर्क गतिविधियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी नेता अपने-अपने जिलों में जाकर लोगों से संवाद करेंगे और अभियान के उद्देश्यों को साझा करेंगे।
यहां देखें किसे मिली कहां जिम्मेदारी
अभियान के तहत अंबाला में कैबिनेट मंत्री अनिल विज, यमुनानगर में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, कुरुक्षेत्र में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, कैथल में सांसद नवीन जिंदल, करनाल में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, पानीपत में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, सोनीपत में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, गोहाना में सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा, जींद में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, रोहतक में राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, झज्जर में ओम प्रकाश धनखड़ और डबवाली में रणबीर गंगवा को जिम्मेदारी दी गई है।
पश्चिमी हरियाणा के जिलों में भी नेताओं की तैनाती
सिरसा में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, हांसी में डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्डा, हिसार में राज्यसभा सांसद किरण चौधरी, फतेहाबाद में सांसद सुनीता दुग्गल, भिवानी में सांसद धर्मबीर सिंह, दादरी में श्रुति चौधरी, रेवाड़ी में कृष्ण लाल पंवार, महेंद्रगढ़ में आरती राव, गुरुग्राम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत, गुरुग्राम महानगर में राव नरबीर, पलवल में गौरव गौतम, नूंह में विपुल गोयल, फरीदाबाद महानगर में राजेश नागर और फरीदाबाद में केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर को ड्यूटी सौंपी गई है।
उद्देश्य: स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा और जनजागरूकता
अभियान का मुख्य उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके तहत बीजेपी नेता रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से संवाद कर स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को प्रोत्साहित करेंगे और स्थानीय उत्पादों को अपनाने का संदेश देंगे।