महाराष्ट्र कांग्रेस की पहली लिस्ट 20 अक्टूबर को आएगी:बीजेपी ने भी 100 सीटों पर चर्चा की; 7 दिन में कैंडीडेट का ऐलान

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली लिस्ट 20 अक्टूबर को जारी होगी। पार्टी की महाराष्ट्र चुनाव स्क्रीनिंग कमेटी ने 16 अक्टूबर को दिल्ली के हिमाचल भवन में बैठक की।

विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रभारी रमेश चेन्निथला ने कहा, ’20 अक्टूबर को हमारी एक और बैठक होगी। जिसके बाद उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।

उधर भाजपा ने भी दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक की और पार्टी उम्मीदवारों पर चर्चा की। भाजपा सूत्रों ने कहा कि करीब 100 से अधिक सीटों पर चर्चा हुई है। कैंडीडेट के नामों का ऐलान अगले सात दिन में किया जा सकता है।

चुनाव आयोग ने 15 अक्टूबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का ऐलान किया। महाराष्ट्र की सभी 288 सीटों पर सिंगल फेज में 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। रिजल्ट 23 नवंबर को आएगा। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को खत्म होगा।

महाराष्ट्र में 20-29 साल के 1.85 करोड़ वोटर्स

महाराष्ट्र में महायुति यानी शिवसेना, भाजपा और NCP अजित पवार गुट की सरकार है। एंटी इनकम्बेंसी और 6 बड़ी पार्टियों के बीच बंटने वाले वोट को साधना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती होगी।

2024 लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र की 48 सीटों में INDIA गठबंधन को 30 और NDA को 17 सीटें मिलीं।। इनमें BJP को 9, शिवसेना को 7 और NCP को सिर्फ 1 सीट मिली। भाजपा को 23 सीटों का नुकसान हुआ। 2019 लोकसभा चुनाव से NDA को 41 सीटें मिली थीं। 2014 में यह आंकड़ा 42 था। यानी आधे से भी कम।

2024 लोकसभा चुनाव के हिसाब से भाजपा 60 सीटों के आसपास सिमट जाएगी। विपक्षी गठबंधन के एक सर्वे में राज्य की 288 सीटों पर MVA यानी महाविकास अघाड़ी को 160 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। भाजपा के लिए मराठा आंदोलन सबसे बड़ी चुनौती है। इसके अलावा शिवसेना और NCP में तोड़फोड़ के बाद उद्धव ठाकरे और शरद पवार के साथ लोगों की सिम्पैथी है।

महाराष्ट्र 2019 विधानसभा चुनाव समीकरण

आचार संहिता लगी- 21 सितंबर 2019 वोटिंग- 21 अक्टूबर 2019 राउंड- सिंगल वोटिंग परसेंट- 61.4%

  • 2019 में बीजेपी-शिवसेना गठबंधन था। बीजेपी ने 105 सीटें और शिवसेना ने 56 सीटें जीती। गठबंधन से एनसीपी को 54 और कांग्रेस को 44 सीटें मिलीं थी। भाजपा-शिवसेना आसानी से सत्ता में आ जाती, पर मनमुटाव के कारण गठबंधन टूट।
  • 23 नवंबर 2019 को फड़नवीस ने मुख्यमंत्री और अजीत पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। ये सुबह-सुबह की शपथ थी। पर बहुमत परीक्षण से पहले 26 नवंबर 2019 को दोनों ने इस्तीफा दे दिया। 28 नवंबर 2019 को शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस की महा विकास अघाड़ी सत्ता में आई। इसके बाद शिवसेना और एनसीपी में बगावत हुई और 4 दल बने। लोकसभा चुनाव में शरद और उद्धव को बढ़त मिली। इन्हीं सब पृष्ठभूमि में विधानसभा चुनाव होगा।

2024 चुनावी साल : लोकसभा सहित 6 राज्यों में चुनाव हुए 2024 में लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में विधानसभा के चुनाव हुए। लोकसभा में भाजपा अकेले बहुमत का आंकड़ा तो पार नहीं कर पाई, लेकिन सहयोगियों के दम पर रिकॉर्ड लगातार तीसरी बार सरकार बनाई। मोदी पहले गैर कांग्रेसी चेहरे हुए जो तीसरी बार PM बने।

वहीं, आंध्र प्रदेश में TDP के साथ भाजपा ने सरकार बनाई। चंद्रबाबू नायडू CM बने। ओडिशा में पहली बार भाजपा ने पूर्ण बहुमत के साथ मोहन चंद्र माझी के नेतृत्व में सरकार बनाई। अरुणाचल में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाई। सिक्किम में सत्ताधारी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (SKM) ने सरकार बनाई।

हरियाणा में भाजपा 48 सीटें जीतकर रिकॉर्ड तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। राज्य में अब तक किसी राजनीतिक दल ने लगातार 3 बार सरकार नहीं बनाई है। जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद हुए चुनाव में जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन सरकार बनाने जा रहा है। कांग्रेस-NC गठबंधन ने 48 सीटें हासिल कीं। भाजपा 29 सीटों पर जीती। 15 साल पहले 2009 में भी कांग्रेस और NC गठबंधन की सरकार बनी थी। तब उमर 38 साल के थे और राज्य के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने थे।