कमरे में पति की लाश, तीसरी पत्नी फरार:वाराणसी में पहली पत्नी की बेटी बोली- दोनों मुझे 3 लाख में बेचने वाले थे

वाराणसी में होटल कर्मचारी की किराए के कमरे में लाश मिली। वह तीसरी पत्नी और उसकी बेटी के साथ रहता था। शनिवार रात दोनों के बीच लड़ाई हुई। रविवार सुबह उसका शव कमरे में मिला।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। युवक के सिर पर चोट के निशान थे। ADCP वरुणा प्रमोद कुमार ने कहा कि मौत संदिग्ध है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चलेगा कि उसकी मौत कैसे हुई। घटना शिवपुर थाना क्षेत्र के नेपाली बाग की है।

परिजनों का आरोप है कि तीसरी पत्नी रिया विकास की हत्या करके गहने लेकर फरार हो गई है। घटना की जानकारी होते ही पहली पत्नी रीता देवी मायके से अपने 3 बच्चों के साथ पहुंची।  पापा के पास महीनेभर पहले मैं रहने के लिए आई थी।

एक दिन चाय बनाकर कमरे की ओर गई तो सुना कि पापा और उनकी तीसरी पत्नी रिया मुझे बेचने की प्लानिंग कर रहे थे। रिया कह रही थी कि अंजलि के अच्छे रेट मिल जाएंगे। मतलब, दो-तीन लाख तक का सौदा तय हो सकता है। यह सुनकर मैं वहां से भागकर मां के पास आ गई।

मारपीट से तंग मकान मालकिन घर खाली करा रही थी विकास रावत (35) नेपाली बाग में 7 महीने से अपनी तीसरी पत्नी रिया और उसकी बेटी के साथ चंदा देवी के मकान में किराए पर रह रहा था। चंदा देवी ने बताया कि विकास और रिया आए दिन शराब पीकर मारपीट करते थे। शनिवार देर रात भी दोनों ने झगड़ा किया। उनकी रोजाना की हरकतों से तंग आकर उन्हें मकान खाली करने के लिए कहा था।

रविवार सुबह चंदा देवी की बेटी पहली मंजिल पर रह रहे विकास से पूछने गई कि मकान कितनी देर में खाली कर रहे हो। वह कमरे में पहुंची तो देखा कि विकास जमीन पर बेसुध पड़ा है। रिया और उसकी बेटी गायब हैं। उसने विकास के मुंह पर पानी की छींटे मारी, लेकिन वह नहीं उठा। उसके शरीर को छुआ तो कोई हरकत नहीं दिखी। चंदा देवी ने पुलिस और विकास के परिजनों को इसकी सूचना दी।

मुस्लिम लड़की से दूसरी शादी, फिर हिंदू लड़की से मंदिर में तीसरी शादी की

विकास की मां गीता देवी ने बताया- वह जौनपुर के नेवढ़िया अथेरा गांव की रहने वाली हैं। 18 साल पहले विकास की शादी वाराणसी में जंसा के दीनदासपुर गांव की रीता देवी से की थी। रीता से उसके तीन बच्चे अंजलि, आयुष और अभिषेक हुए। अंजलि तीनों में सबसे बड़ी है। शादी के कुछ साल बाद विकास और रीता बाबतपुर में किराए के मकान में रहने लगे। विकास बाबतपुर के एक होटल में काम करता था।

इस बीच विकास का संबंध एक मुस्लिम महिला से हो गया। उसने मुस्लिम महिला से दूसरी शादी कर ली। वाराणसी में मुस्लिम महिला के साथ दूसरी जगह रहने लगा। कुछ महीनों तक ही ये रिश्ता चला। इस बीच 5-6 साल पहले विकास का रिया नाम की लड़की से संबंध हो गया।

विकास रिया के साथ नेपाली बाग में किराए के मकान पर रहने लगा। रिया भी किसी होटल में काम करती थी। दोनों साथ में शराब पीते, ड्रग्स का सेवन भी करते थे। कुछ महीने पहले विकास ने रिया से तीसरी शादी मंदिर में कर ली। इस बीच विकास की पहली पत्नी रीता देवी जौनपुर में अपनी सास के साथ रहने लगी।

विकास की मां ने बताया- शादी के बाद रिया अक्सर जौनपुर में हमारे घर आती और रीता को प्रताड़ित करती। इससे दुखी होकर रीता अपने 3 बच्चों के साथ जंसा स्थित मायके में जाकर रहने लगी थी। आज विकास की मौत की सूचना पर रीता भी नेपाली बाग में किराए वाले घर पर पहुंची।

पहली पत्नी की बेटी बोली- पापा और रिया रोज शराब पीते विकास और पहली पत्नी रीता की बेटी अंजलि ने घटना के बाद से फरार रिया और अपने पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अंजलि ने बताया- रिया और पापा रोज शराब पीते। ड्रग्स का सेवन करते थे। रिया अक्सर मेरे साथ मारपीट करती थी। पापा भी रिया का साथ देते। कभी गरम चाय फेंक देते तो कभी मारपीट करते।

लड़के-लड़कियों का आना जाना लगा रहता था अंजलि ने बताया- मेरे पापा जहां रहते थे वहां अक्सर कई लड़के-लड़कियों का आना-जाना लगा रहता था। वह लोग कमरे में रहते और शराब पीने के साथ गंदी हरकतें करते। फिर चले जाते थे। इसके एवज में पापा और रिया पैसा वसूलते थे। पापा की इन गंदी हरकतों के चलते ही वहां मकान मालिक ने घर खाली करा लिया था। इसके बाद वह उसी एरिया में दूसरे मकान में रहने लगे थे।