PM मोदी ने शनिवार को 16वें रोजगार मेला में 51 हजार से ज्यादा युवाओं को जॉब लेटर बांटें। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कहा कि युवाओं का सामर्थ्य हमारे भारत के भविष्य के लिए सबसे बड़ी पूंजी और गारंटी है। हमारी सरकार इस पूंजी को समृद्धि का सूत्र बनाने में जुटी है।’
उन्होंने कहा कि दो दिन पहले ही 5 देशों की यात्रा से लौटा हूं। हर देश में भारत की युवा शक्ति की गूंज सुनाई दी। इस दौरान जो भी समझौते हुए हैं,उनसे युवाओं को फायदा होना ही है। आपके विभाग अलग हैं लेकिन ध्येय एक है। कार्य कोई भी हो, पद कोई भी हो इलाका कोई भी है, एक ही ध्येय राष्ट्र सेवा। एक ही सूत्र नागरिक सेवा। आपकी इस नई यात्रा के लिए बहुत शुभकामनाएं।
रोजगार मेले का आयोजन देश भर में 47 स्थानों पर किया गया। पिछला रोजगार मेला 26 अप्रैल को आयोजित किया गया था। प्रधानमंत्री ने 22 अक्टूबर 2022 को रोजगार मेले का पहला फेज शुरू किया था। अब तक 9.73 लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार मिल चुका है।
पीएम के स्पीच की 5 बड़ी बातें; कहा- देश का नौजवान तेज गति से आगे बढ़ रहा
- आज हमारा देश दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। ये हमारे देश के नौजवानों का कमाल है। मुझे खुशी होती है कि मेरे देश का नौजवान तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
- मेन्युफैक्चरिंग सेक्टर को गति देने के लिए मिशन मेन्युफैक्चरिंग की घोषणा की गई है। सिर्फ PLI से 11 लाख रोजगार बने हैं। इलेक्ट्रानिक सेक्टर का विस्तार हुआ है। 11 लाख करोड़ रुपए की इलेक्ट्रानिक मेन्युफैक्चरिंग हो रही है। पहले मोबाइल फोन मेन्युफैक्चरिंग की दो या चार यूनिट थीं। इस समय 300 यूनिट हैं इसमें लाखों युवा काम कर रहे हैं।
- डिफेंस मेन्युफैक्चरिंग में भी भारत नए रिकॉर्ड बना रहा है। डिफेंस प्रोडक्शन सवा लाख करोड़ से ऊपर पहुंच चुका है। भारत सबसे ज्यादा लोकोमोटिव बनाने वाला देश बन गया है। कई देश में एक्सपोर्ट हो रहा है।
- ऐसी अनेक योजनाओं की वजह से 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। अब आप कल्पना कीजिए इनका आत्मविश्वास कितना होगा। वर्ल्ड बैंक जैसी संस्थाएं भारत को मॉडल की तरह पेश करती हैं। भारत की कम असमानता वाले शीर्ष देशों में रखा जा रहा है।
- भारत के 90 करोड़ लोगों को वेलफेयर स्कीम के तहत लाया गया है। इससे बड़ी संख्या में रोजगार बने हैं। पीएम आवास के तहत 4 करोड़ पक्के घर बने हैं। 3 करोड़ घर बन रहे हैं। इसमें मिस्त्री, लेबर, ट्रांसपोर्ट, ट्रक ऑपरेटर कितने लोगों को जॉब मिली। खुशी की बात है ज्यादातर रोजगार गांव में मिल रहे हैं।
अक्टूबर 2022 से शुरू हुआ था रोजगार मेला
प्रधानमंत्री ने 22 अक्टूबर 2022 को रोजगार मेले का पहला फेज शुरू किया था। तब PM ने कहा था- हमारा लक्ष्य देश के युवाओं को 2023 के आखिर तक 10 लाख सरकारी नौकरियां देना था। नवंबर 2023 तक कुल 11 रोजगार मेलों में 7 लाख से ज्यादा युवाओं को जॉइनिंग लेटर दिए गए थे। हालांकि, लोकसभा चुनाव से पहले 12 फरवरी 2024 को 12वां रोजगार मेला हुआ था, जिसमें 1 लाख से ज्यादा जॉब लेटर बांटे गए थे।