पंजाब के लुधियाना में फिरोजपुर रोड स्थित होटल पार्क प्लाजा के GM, उसके ड्राइवर और सुपरवाइजर पर 4 अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब वह अपनी कार से अपने घर ओमेक्स लौट रहे थे। थाना सदर की पुलिस ने 4 अज्ञात युवकों के खिलाफ धारा BNS 115(2),126(2),351(1)351(3)191(3),190 के तहत मामला दर्ज किया है।
घर लौटते समय हुआ हमला
GM सुनील पटनायक ने पुलिस को बताया कि पक्खोवाल रोड पर उन पर हमला हुआ है। घटना तब हुई जब वे अपने ड्राइवर बलजीत सिंह और सिक्योरिटी सुपरवाइजर तेजिंदर सिंह के साथ होटल पार्क प्लाजा से अपनी गाड़ी (PB01D8548) में ओमेक्स अपने घर लौट रहे थे।
पीड़ित के अनुसार, जब वे करतार सिंह पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तो एक मोटरसाइकिल सवार ने उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी।
भीड़ से निकले 3 से 4 लोगों ने की मारपीट
ड्राइवर और सिक्योरिटी सुपरवाइजर ने जब गाड़ी से उतरकर पूछताछ की, तो मोटरसाइकिल सवार ने माफी मांग ली। इसी बीच, भीड़ से निकले तीन से चार अज्ञात व्यक्तिय, जिनमें से एक ने अपना मुंह ढका हुआ था, वहां पहुंचे और गाड़ी की खिड़की खोलकर व्यवसायी के साथ मारपीट करने लगे। जब ड्राइवर और सिक्योरिटी सुपरवाइजर ने उन्हें बचाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की।
5 महीने पहले दिल्ली से आए है सुनील
हमले में व्यवसायी, ड्राइवर और सिक्योरिटी सुपरवाइजर तीनों घायल हो गए हैं। सुनील 5 महीने पहले ही दिल्ली से लुधियाना आए है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों का सुराग मिल सके। मामले की जांच ASI सतनाम सिंह कर रहे है। उन्होंने बताया कि सुनील पटनायक की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।