यूपी पुलिस ने जीती महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता:निगोहां के दखिना टोल पर आयोजित फाइनल में हरियाणा उपविजेता रही

पंचम महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार देर रात निगोहां क्षेत्र के दखिना टोल प्लाजा पर खेला गया। यूपी पुलिस टीम ने हरियाणा को हराकर खिताब जीता, जबकि हरियाणा टीम उपविजेता रही। यह प्रतियोगिता स्व. बालकृष्ण द्विवेदी स्मारक के तत्वावधान में आयोजित की गई थी।

फाइनल मैच में हरियाणा टीम ने पहला सेट 25-18 से जीतकर बढ़त बनाई। हालांकि, यूपी पुलिस टीम ने वापसी करते हुए दूसरा सेट 25-21 और तीसरा सेट 25-16 से अपने नाम कर लिया।

प्रतियोगिता के समापन पर व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र दीक्षित और आयोजक संदीप द्विवेदी ने विजेता यूपी पुलिस टीम को 31 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की। उपविजेता हरियाणा टीम को 21 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। यूपी पुलिस टीम की कप्तान प्रियंका और हरियाणा टीम की कप्तान साक्षी दूबे को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ की ट्रॉफी मिली।

दो दिन में खेले गए 19 मैच

दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित अन्य प्रदेशों की टीमों के बीच कुल 19 मैच खेले गए। खिलाड़ियों ने इन मैचों में अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

आयोजक संदीप द्विवेदी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन से खेल प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलता है और युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है।

व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र दीक्षित ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई दी। उन्होंने महिला खिलाड़ियों के उत्साह और प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं सामाजिक एकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देती हैं। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता नागेश्वर द्विवेदी, अमित तिवारी, प्रधान प्रतिनिधि प्रदीप द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित थे।

E-Paper 2025