युवती की हत्या कर फंदे से लटका युवक:लड़की के सिर से बह रहा था खून, पास में पड़ी थी गैंती; फोन कर घर बुलाया था

जोधपुर में घर में युवती और युवक की लाशें मिली। युवती का शव कमरे में फर्श पर पड़ा था। सिर से खून बह रहा था। वहीं, युवक की लाश फंदे से लटकी मिली। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट और लोहे की गैंती मिली है।

पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि युवक ने पहले गैंती से युवती की हत्या की। फिर फंदे से लटककर सुसाइड कर लिया। मामला चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना इलाके का बुधवार दोपहर 12 बजे का है।

युवती के चाचा ने युवक (मृतक) पर हत्या का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।

दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी पुलिस

थाना अधिकारी ईश्वर चंद्र पारीक ने बताया- पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक ने आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दरवाजा अंदर से बंद पाया। छत के रास्ते दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर कमरे में युवक-युवती के शव मिले। FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया। शवों को मथुरादास माथुर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

युवती को अपने घर पर बुलाया था

जांच में पता चला है कि 27 साल का युवक प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उसने दूसरे शहर में रहकर बीएसटीसी की पढ़ाई कर रही 18 साल की युवती को फोन कर घर पर बुलाया था। युवती उसकी रिश्तेदार है।

पुलिस के अनुसार, रात को दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद युवक ने युवती की हत्या कर दी और फिर आत्महत्या कर ली।

पढ़ाई करने के लिए अकेला रहता था युवक

युवक के पिता के अगल-बगल में 2 मकान हैं। इनमें से एक में उनका परिवार रहता है। दूसरे में युवक पढ़ाई के लिए अकेला रहता था। परिजनों को लगा कि युवक देर रात तक पढ़ाई करके सो रहा होगा। बुधवार सुबह जब युवक की मां ने उसे कॉल किया तो उसने फोन नहीं उठाया।

बाद में मां ने जाकर दरवाजा खटखटाया तो उसने गेट नहीं खोला। मां ने अपने पति को सूचना दी। उन्होंने छत पर लगी लोहे की जाली से देखा तो युवक का शव फंदे से लटका हुआ दिखा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

E-Paper 2025