पटना- आवारा कुत्तों के लिए बनेगा फीडिंग जोन:75 वार्डों में जगह किए जा रहे चिन्हित, हेल्पलाइन नंबर भी होगा जारी

आवारा कुत्तों को लेकर सरकार सख्त हो गई है। इसे लेकर पटना नगर निगम द्वारा एक खास प्लानिंग की जा रही है। नगर निगम के हर वार्ड में आवारा कुत्तों के लिए एक फीडिंग जोन बनाया जाएगा।

इसके लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा। अभी सभी 75 वार्डों में जगह को चिन्हित किया जा रहा है। इसका नाम ‘आवारा श्वानों के लिए आहार स्थल’ होगा।

इस फीडिंग जोन को बनाने का मुख्य उद्देश्य आवारा कुत्तों की संख्या का पता करना है जिससे उनके नसबंदी करने में मदद मिलेगी।

बीमारियों के रोकथाम और साफ सफाई में मिलेगी मदद

पटना नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक इसके बन जाने से बीमारियों पर रोकथाम होगा, क्योंकि कई लोग आवारा कुत्तों को सड़क के किनारे खाने की चीज दे देते हैं, जिससे उनका स्लाईवा इधर-उधर फैल जाता है और बीमारियां भी बढ़ती है।

इसके अलावा इस फीडिंग जोन के बनने से साफ सफाई सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी क्योंकि आवारा कुत्ते खाकर कुछ खाना छोड़ देते हैं, जिससे कचरा इधर-उधर फैल जाता है। एक ही जगह पर खाना देने पर कुत्तों को भी आदत लग जाएगी और वह उसी जगह पर आकर अपना खाना खाएंगे और चले जाएंगे। इससे गंदगी नहीं फैलेगी।

हर फीडिंग जोन के बाहर स्थान और अंचल का नाम लिखा जाएगा

वहीं, कुछ कुत्ते खाने के लिए लोगों पर झपटते भी है और काट भी लेते हैं। इन सभी चीजों से निपटने के लिए पटना नगर निगम ने ये खास प्लान बनाया है। हर फीडिंग जोन के आगे स्थान का नाम और अंचल का नाम लिखा जाएगा।

आवारा कुत्तों से संबंधित शिकायत या सुझाव के लिए हेल्पलाइन नंबर 0612-2200634 पर लोग कॉल कर सकते हैं। इससे पहले नवंबर महीने में पटना नगर निगम ने शहर के सभी 75 वार्डों में आवारा कुत्तों की बढ़ती आबादी को नियंत्रित करने के लिए एंटी-रेबीज टीकाकरण और नसबंदी अभियान चलाया था।

E-Paper 2025