हिस्ट्रीशीटर ने पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ी:नौचंदी पुलिस थाने लेकर आई थी, घरवालों ने हमला कर कस्टडी से छुड़ाने का प्रयास किया

मेरठ में वायरल वीडियो के मामले में गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर और उसके परिवार ने सोमवार को पुलिस पर हमला बोल दिया। हिस्ट्रीशीटर के परिवार की महिलाओं ने महिला कांस्टेबल की वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो हिस्ट्रीशीटर ने दीवार में सिर मारकर फोड़ लिया। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

मेरठ में रविवार को दो युवकों का हथियारों का साथ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। थाना पुलिस ने वीडियो पुराना बताकर पल्ला झाड़ने की कोशिश की लेकिन जब मामला अफसरों तक पहुंचा तो मामले में जांच बैठा दी गई।

पता चला कि वायरल फोटो शास्त्रीनगर सेक्टर चार निवासी हिस्ट्रीशीटर जमाल के हैं। सोमवार सुबह नौचंदी पुलिस जमाल के घर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर थाने आ गई।

जीप से उतरते ही दीवार में सिर मारा

घर से लेकर थाने तक जमाल पुलिसकर्मियों से बहस करता रहा। जैसे ही थाने लाकर उसे नीचे उतारा गया, वह पुलिसकर्मी को धक्का देकर दीवार के पास पहुंचा और अपना सिर दीवार में मारकर फोड़ लिया। देखते ही देखते वह लहूलुहान हो गया। थाना पुलिस के हाथ पैर फूल गए।

पुलिस ने जैसे तैसे जमाल को संभाला। चार पुलिसकर्मियों के साथ जमाल को डाक्टरी के लिए भेजा जाने लगा। तभी जमाल की मां रूकसाना और बहनें उरूज व रूही वहां आ गए। थाने में घुसते ही उन्होंने पुलिस से गाली गलौज शुरु कर दी। पुलिस जीप के सामने खड़ीं होकर हंगामा शुरु कर दिया। महिला कांस्टेबल ने जीप के सामने से हटाने का प्रयास किया तो तीनों मारपीट पर उतर आईं।

महिला कांस्टेबल की वर्दी फटी

जमाल की मां व बहनों ने जमकर हंगामा शुरु कर दिया। वह महिला कांस्टेबल के संभाले भी नहीं संभल रहीं थीं। अचानक उन्होंने महिला कांस्टेबल से हाथापाई शुरु कर दी। इस हाथापाई में महिला कांस्टेबल की वर्दी तक फट गई। इसके बाद कई महिला पुलिसकर्मियों ने तीनों को दबोच लिया और हिरासत में लेकर बैठा लिया।

सीओ को पहुंचना पड़ा थाने

थाने में पुलिस पर हमले की सूचना मिलते ही सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी पहुंच गए। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली और अफसरों को भी अवगत कराया। काफी देर तक थाने में अफरातफरी का माहौल रहा। जैसे तैसे स्थिति को संभाला जा सका।

एसपी बोले- हिस्ट्रीशीटर समेत चार पर मुकदमा

शाम तक मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंच गया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल फोटो के मामले में जमाल को लाया गया था लेकिन उसने दबाव बनाने के लिए खुद को लहूलुहान कर लिया। उसकी मां व बहनों ने भी हंगामा काटा, जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

E-Paper 2026