पटना | पटना जिले में रसोई गैस का बैकलॉग अब 1.67 लाख पर पहुंच गया है। सुबह 4 बजे से ही एजेंसी के गोदामों पर लाइन लग रही है। डीएसी नहीं आने केवाईसी कराने वालों की भी भीड़ लग रही है। गुरुवार को जिले में 28250 सिलेंडर आए हैं। 24075 का वितरण किया गया है। बुधवार को 52,630 लोगों ने बुकिंग की थी।
उधर, कंट्रोल रूम के नंबर 0612-2219810 पर गुरुवार को 70 लोगों ने सिलेंडर नहीं मिलने की शिकायत की। नया कनेक्शन नहीं मिलने से परेशानी नया कनेक्शन नहीं मिलने से छात्र आैर छोटे सिलेंडर पर खाना बनाने वाले परेशान हैं। राजापुर निवासी अंकित ने कहा कि एजेंसियों के पास जाने पर नया कनेक्शन नहीं दिया जा रहा है। इधर, जिला प्रशासन ने पीडीएस दुकानदारों को केरोसिन का उठाव करने का निर्देश दिया है, ताकि वैकल्पिक व्यवस्था के तहत वितरण हो सके।
डीएम ने कार्रवाई का आदेश दिया : डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने कहा कि घरेलू गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वायड, सेक्टर, जोनल आैर सुपर जोनल दंडाधिकारियों द्वारा होटलों, ढाबों आैर अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडरों के अवैध उपयोग की शिकायत आने पर सख्त कार्रवाई होगी।