अनु मलिक ने ‘अक्षरम्-2026’ में युवाओं में भरा जोश:GJU में छात्रों ने जमकर किया एंजॉय; मंत्री गंगवा करेंगे शिरकत आज

गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार में आयोजित राष्ट्रीय साहित्यिक-सांस्कृतिक महोत्सव ‘अक्षरम्-2026’ के पहले दिन मशहूर संगीतकार अनु मलिक ने अपने संबोधन से युवाओं में जोश भर दिया। उन्होंने कहा कि आज के युवा ही देश का असली भविष्य हैं और उनसे देश को बहुत उम्मीदें हैं।

अनु मलिक ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि सफलता का मूल मंत्र है, खुद पर भरोसा और निरंतर मेहनत। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे दूसरों की राय की चिंता किए बिना अपनी प्रतिभा पर ध्यान दें और यू-ट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म का उपयोग कर अपनी कला को दुनिया के सामने रखें। आज समारोह का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा, जिसमें कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा शिरकत करेंगे।

मोहब्बत पर गीत सुनाया तो झूमे विद्यार्थी

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने रचनात्मकता का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए विद्यार्थियों द्वारा दिए गए तीन शब्द-आग, चाय और मोहब्बत पर तुरंत एक गीत तैयार कर सुनाया, जिससे पूरा सभागार झूम उठा। अनु मलिक ने कहा कि संगीत और साहित्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं की सोच को नई दिशा देने की ताकत रखते हैं।

ऐसे आयोजन नई प्रतिभाओं को मंच देते हैं और उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जीजेयू में हरियाली को सराहा

उन्होंने जीजेयू कैंपस की हरियाली और सकारात्मक माहौल की सराहना करते हुए इसे कला और शिक्षा का बेहतरीन संगम बताया। विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर गाने का मौका देने से कार्यक्रम में उत्साह और भी बढ़ गया। ‘अक्षरम्-2026’ के पहले दिन अनु मलिक का संबोधन और प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसने युवाओं को रचनात्मकता और आत्मविश्वास की नई प्रेरणा दी।