AJL प्लाट आवंटन केस में सुप्रीम कोर्ट जाएगी सीबीआई:पीएमएलए कोर्ट के ऑर्डर को देगी चुनौती; पूर्व CM हुड्डा हो चुके आरोपमुक्त

सीबीआई, पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती देने के लिए सुप्रीम कोर्ट (SC) में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर करने जा रही है, जिसमें हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और मेसर्स एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) को एक विवादास्पद भूखंड पुनर्आवंटन मामले में बरी कर दिया गया।

यह मामला तब सामने आया, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पंचकूला की एक अदालत को सूचित किया कि चंडीगढ़ स्थित सीबीआई के डीआईजी ने अपने जांच अधिकारी को बताया है कि एजेंसी इस मामले को फिर से शुरू करने के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख करेगी।

पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने 25 फरवरी के अपने आदेश में हुड्डा और एजेएल के पक्ष में फैसला सुनाते हुए कहा था, कि रिकॉर्ड पर लाए गए सबूतों से प्रथम दृष्टया भी याचिकाकर्ताओं (हुड्डा और एजेएल) के खिलाफ कथित अपराधों के आवश्यक तत्व सिद्ध नहीं होते हैं, और उनके खिलाफ आगे बढ़ने का कोई आधार नहीं है।

अभियोजन जारी रखना न्यायालय की प्रक्रिया का दुरुपयोग होगा। न्यायमूर्ति त्रिभिवान दहिया की पीठ ने निचली अदालत के आरोप तय करने के आदेश को रद्द कर दिया था और आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही खारिज कर दी थी।

27 मार्च को बंद कर दिया केस

इस फैसले के बाद, हरियाणा की सीबीआई विशेष अदालत ने 27 मार्च को हुड्डा और एजेएल के खिलाफ मामला बंद कर दिया था। इसके बाद, शुक्रवार को हरियाणा की धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत विशेष अदालत ने भी उसी भूखंड के पुनर्आवंटन से संबंधित ईडी का मामला बंद कर दिया।

पूर्व सीएम के वकील ने ये दिया तर्क

हुड्डा के वकील एसपीएस परमार ने कहा कि हाईकोर्ट के फैसले के बाद ईडी का मामला आगे नहीं चल सकता। उन्होंने कहा, पंचकुला स्थित पीएमएलए अदालत ने ईडी का मामला बंद कर दिया क्योंकि मूल अपराध पर उच्च न्यायालय पहले ही फैसला सुना चुका है, जिसमें आरोपी एजेएल और भूपिंदर सिंह हुड्डा दोनों को बरी कर दिया गया था।

विजय मदनलाल चौधरी मामले में सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के आलोक में, पंचकुला स्थित पीएमएलए अदालत ने वर्तमान शिकायत को बंद कर दिया है।

चार प्वाइंट में समझिए पूरा मामला…

1. ईडी के अनुसार, एजेएल ने पंचकुला में स्थित भूखंड को 1982 की कीमतों के अनुसार 59.39 लाख रुपए की रियायती दर पर हासिल किया था और बाद में इसे बेदाग संपत्ति बताकर 72.57 करोड़ रुपए का लोन लिया था। एजेंसी का आरोप है कि इन निधियों का उपयोग बैंकों के पास गिरवी रखकर या बंधक रखकर अतिरिक्त संपत्तियां बनाने में किया गया था।

2. पंचकुला के सेक्टर 6 में स्थित विवादित भूखंड मूल रूप से एजेएल को एक हिंदी दैनिक के प्रकाशन के लिए लाभ-हानि के आधार पर आवंटित किया गया था। हालांकि, कंपनी द्वारा निर्धारित समय के भीतर भवन निर्माण में विफल रहने के बाद, भूखंड को वापस ले लिया गया और 1996 तक अपीलें खारिज कर दी गईं।

3. कई वर्षों बाद, जब हुड्डा ने मुख्यमंत्री का पदभार संभाला, तो 2005 में उस भूखंड का पुनः आवंटन पुरानी दरों पर किया गया। ईडी ने आरोप लगाया है कि इससे राज्य के खजाने को 1.75 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।

4. पूछताछ के दौरान, हुडा ने कहा था कि उनका निर्णय स्वतंत्रता संग्राम में एजेएल प्रकाशनों की विरासत से प्रभावित था, और उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने सामने रखे गए अनुरोध पर विचार करने के बाद कार्रवाई की।