BRD मेडिकल कॉलेज में आमने-सामने हो सकते हैं डॉक्टर-नर्स:नर्सिंग ऑफिसर के पति को पीटने का मामला, पत्नी बोलीं- कार्रवाई हो

बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एक बार फिर नर्सिंग स्टाफ एवं एमबीबीएस छात्र आमने-सामने हो सकते हैं। मरीजों से दुर्व्यवहार के मामले में बदनाम यहां के एमबीबीएस छात्रों ने 19 अप्रैल को जिस मनोरोगी को पीटा था, वह वहीं तैनात नर्सिंग आफिसर का पति निकले। अब नर्सिंग आफिसर ने इसकी शिकायत राजकीय नर्सेज संघ के अध्यक्ष से की है।

नर्सिंग आफिसर पल्लवी गुप्ता ने बताया कि उनके पति 13 अप्रैल से मेडिकल कॉलेज के वार्ड संख्या 100 मानसिक रोग विभाग में भर्ती हैं। डॉक्टरों ने उन्हें सुबह-शाम टहलने का निर्देश दिया है।

नर्सिंग आफिसर ने बारोप लगाया कि 19 अप्रैल को मरीज जब बाहर टहल रहा था तो वहां कुछ छात्र-छात्राएं आपत्तिजनक स्थिति में दिखे। जब मरीज ने उन्हें टोका तो उन्होंने मारपीट की और अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद करीब 40 से 50 छात्र-छात्राएं वार्ड में घुस गए और मरीज के साथ दुर्व्यवहार किया।

नर्सिंग आफिसर ने मारपीट करने वाले एमबीबीएस छात्रों को चिह्नित कर कार्रवाई की मांग की है। इससे पहले भी एक बार इंटर्न डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ के बीच विवाद हुआ था। इसमें इंटर्न डॉक्टरों ने दो नर्सिंग स्टाफ को पीट दिया था। कई दिनों तक नर्सिंग स्टाफ की ओर से कार्य बहिष्कार किया गया था।

एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष बीना त्रिपाठी भी गोरखपुर पहुंची थीं। 19 अप्रैल को हुई घटना के बाद एक बार फिर तनातनी शुरू हो गई है। नर्सिंग आफिसर ने चेतावनी दी है कि आरोपी छात्रों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह पुलिस के पास जाएंगी।