बिहार के 11 नए शहरों में जमीन खरीद-बिक्री पर रोक:स्कूल-कॉलेजों में गश्ती करेंगी 4700 पुलिस दीदी; जानिए कहां-कहां बनने जा रही सेटेलाइट टाउनशिप

बिहार में 11 नए आधुनिक शहर बसेंगे। बुधवार को सम्राट कैबिनेट की पहली मीटिंग में इन सेटेलाइट टाउनशिप के विकास को मंजूरी दी गई। इन 11 स्थानों पर जमीन की खरीद-बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, भागलपुर और छपरा के पास ये रोक 30 जून 2027 तक लागू रहेगी।

वहीं, पटना, सोनपुर, गया, दरभंगा, सहरसा, पूर्णिया और मुंगेर के पास यह पाबंदी 31 मार्च 2027 तक रहेगी। कैबिनेट की यह बैठक सीएम सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में कुल 22 एजेंडों पर मुहर लगी।

इन सेटेलाइट टाउन का नामकरण प्राचीन सांस्कृतिक नामों पर होगा। पटना के पास ‘पाटलिपुत्र’ और सोनपुर के पास ‘हरिहरनाथपुर टाउनशिप विकसित होगी। इस बीच नगर विकास विभाग इन स्थानों का मास्टर प्लान तैयार कर लेगा।

इन मास्टर प्लान में कोर एरिया और स्पेशल एरिया तय किए जाएंगे। इसके बाद लैंडयूज और निर्माण की प्लानिंग इसी मास्टर प्लान के मुताबिक होगी। बुजुर्गों को राहत: 80 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों के घर जाकर जमीन रजिस्ट्री की औपचारिकताएं सरकारी कर्मचारियों की ओर से पूरी की जाएंगी।

फैसले जो सीधे आपसे जुड़े हैं…

1. सड़क दुर्घटना अब ‘आपदा’, मुआवजा देने का प्रावधान

सामूहिक सड़क दुर्घटनाओं को विशेष स्थानीय ‘आपदा’ का दर्जा मिला है। बाढ़ या भूकंप की तरह अब हादसों में जान गंवाने वालों व घायलों को एसडीआरएफ से सीधे मुआवजा मिलेगा। 15 सितंबर 2021 से 31 मार्च 2022 तक के पीड़ितों को भी लाभ मिलेगा।

फैसला क्यों- सामूहिक सड़क दुर्घटना के शिकार परिवारों को बिना देरी के तत्काल आर्थिक मदद मिल सके।

2. गश्त पर पर 4700 पुलिस दीदी…स्कूटी खरीदी जाएंगी

मनचलों पर नकेल कसने के लिए सरकार ने ‘पुलिस दीदी’ को सड़कों पर उतारने का फैसला किया है। महिला पुलिसकर्मियों के लिए 1500 स्कूटी और 3200 मोटरसाइकिलें खरीदी जाएंगी। ‘पुलिस दीदी’ अब हर गली-नुक्कड़ पर मौजूद रहेंगी।

फैसला क्यों- स्कूल-कॉलेज जाने वाली लड़कियों को छेड़खानी से बचाने और उन्हें सुरक्षित माहौल देने के लिए।

3. हरिहरनाथ मंदिर चमकेगा, कोरिडोर बनेगा

सारण के सोनपुर स्थित ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर को बेहद भव्य बनाया जाएगा। इसे वाराणसी के प्रसिद्ध ‘काशी विश्वनाथ कॉरिडोर’ की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। कैबिनेट ने इस बड़े और भव्य प्रोजेक्ट के लिए 680 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं।

फैसला क्यों- राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए।

4. सोनपुर और अजगैबीनाथ धाम में नया एयरपोर्ट

हवाई सफर करने वालों को बड़ी खुशखबरी मिली है। सोनपुर और अजगैबीनाथ धाम (भागलपुर) में नए ‘ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे’ बनेंगे। वहीं, दरभंगा एयरपोर्ट के स्थायी सिविल एन्क्लेव के लिए 1.35 एकड़ जमीन मुफ्त दी गई है।

फैसला क्यों- हवाई सफर को आसान बनाने और राज्य में एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए।