सपा के गढ़ में योगी, बोले-इनकी केसरिया रंग से दुश्मनी:मुलायम की तारीफ की, अखिलेश पर निशाना, कहा-सब बर्बाद किया

सीएम योगी ने रविवार को सपा के गढ़ मैनपुरी में कहा- पहले समाजवादी पार्टी कहती थी, कांवड़ यात्रा नहीं होने देंगे, शिव भक्त जाएंगे दंगा हो जाएगा। वे शंख नहीं बजने देते थे, घंटा नहीं बजने देते थे। केसरिया कपड़े से तो समाजवादी पार्टी को जैसे लगता है जन्मजात दुश्मनी हो।

सीएम योगी ने आगे कहा-

पहले धार्मिक आयोजनों के दौरान प्रतिबंध और तनाव का माहौल रहता था। लेकिन, अब कांवड़ यात्रा, रामनवमी, जन्माष्टमी, दुर्गा पूजा, दीपावली और होली जैसे सभी पर्व शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जाते हैं। अब न कर्फ्यू है, न दंगा है… यूपी में सब चंगा है।

योगी ने कहा- भाजपा सरकार आने के बाद प्रदेश में अपराधियों के लिए सिर्फ दो ही जगहें बची हैं- जेल या जहन्नुम। उनके लिए तीसरी कोई जगह नहीं है। माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम चलता रहेगा। अगर कोई अपराधी बेटी और व्यापारी की सुरक्षा के लिए खतरा बनेगा, तो उसे भी मिट्टी में मिला दिया जाएगा।

योगी मैनपुरी के बाद इटावा पहुंचे। यहां भी सपा मुखिया पर जमकर हमला बोला, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की तारीफ की। कहा- उन्होंने जमीन से जुड़कर काम किया, लेकिन बाद में परिवारवाद, वंशवाद और सैफई सिंडिकेट ने सब बर्बाद कर दिया।

इससे पहले, योगी ने मैनपुरी में ₹682 करोड़ और इटावा में ₹604 करोड़ की लागत वाली 111 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने पौधारोपण कर प्रदर्शनी भी देखी।

योगी के संबोधन की 6 बड़ी बातें

1. ‘पहले मैनपुरी का नाम सुनकर लोग कमरा तक नहीं देते थे’ सीएम योगी ने कहा कि कभी मैनपुरी की पहचान अपराध और अराजकता से जुड़ गई थी। यहां के युवाओं को दूसरे शहरों के होटल में कमरा नहीं मिलता था। धर्मशालाओं में ठहरने से मना कर दिया जाता था और किराए पर मकान लेने में भी परेशानी होती थी। लेकिन, अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा सरकार के प्रयासों से मैनपुरी अपनी पौराणिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के साथ नई पहचान बना चुका है। अब जब कोई युवक अपना परिचय मैनपुरी का बताता है, तो उसे सम्मान मिलता है।

2. ‘पहले की सरकारों ने प्रदेश को बीमारू बनाया’ योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था। नौकरियों में योग्यता नहीं, बल्कि चेहरा और पैसा देखा जाता था। गरीब और ईमानदार युवाओं को अवसर नहीं मिलते थे। आज भाजपा सरकार में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए युवाओं को बिना किसी सिफारिश और रिश्वत के नौकरी मिल रही है। प्रदेश में अब तक 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।

3. ‘गरीब, किसान, महिला और युवा सरकार की प्राथमिकता’ मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा को केंद्र में रखकर योजनाएं चला रही है। ‘मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना’ के तहत अनाथ बच्चों को आर्थिक सहायता, लैपटॉप और शिक्षा की सुविधा दी जा रही है। किसानों के लिए फसल ऋण माफी, ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’, ‘मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना’ और निजी नलकूपों के बिजली बिल में राहत जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ बिना किसी जाति या धर्म के भेदभाव के हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

4. ‘कारीगरों को मिला वैश्विक मंच’ योगी ने कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना के ज़रिए प्रदेश के कारीगरों को नई पहचान मिली है। मैनपुरी के उत्पादों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने का काम किया गया है। सरकार का उद्देश्य हर हाथ को काम और हर परिवार को सम्मान देना है।

5. ‘विकसित यूपी के लिए विकसित मैनपुरी जरूरी’ सीएम योगी ने कहा कि यूपी आज देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में विकसित यूपी के लिए विकसित मैनपुरी भी जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मैनपुरी और करहल के विकास से जुड़े सभी प्रस्तावों पर सरकार प्राथमिकता के आधार पर काम करेगी। सड़क, स्टेडियम, संग्रहालय, सिंचाई, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

6. योगी बोले- मुलायम ने जमीन से जुड़कर राजनीति की मुख्यमंत्री योगी ने इटावा में दिवंगत सपा नेता मुलायम सिंह यादव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मुलायम ने जमीन से जुड़कर राजनीति की और काम करने का प्रयास किया था, लेकिन बाद में पूरी व्यवस्था परिवारवाद और वंशवाद के सिंडिकेट में फंस गई। आरोप लगाया कि नौकरी निकलती थी तो सिंडिकेट हावी हो जाता था। गरीब और योग्य युवाओं को अवसर नहीं मिलता था। विकास के नाम पर केवल लूट होती थी और प्रदेश बीमारू राज्य बन गया था।