सहारनपुर के देवबंद में मंगलवार शाम 17 साल के लड़के की हत्या पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने सैकड़ों लोगों के साथ हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे हाईवे पर जाम लग गया।
प्रदर्शनकारी सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। शाम करीब 5:30 बजे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, जब नहीं माने तो उन्हें जबरन हटाना चाहा। इस पर महिलाओं से हाथापाई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इससे हालात बिगड़ गए। हालात को काबू करने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला। लाठीचार्ज कर जाम लगा रहे प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया। इससे भगदड़ मच गई। 4 लोग घायल हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के सीनियर अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से बातचीत कर उन्हें अब तक की पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी। भरोसा दिलाया कि मामले में फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है।
दो दिन से लापता था शिवा, आधी रात शव खेत में मिला
देवबंद कोतवाली क्षेत्र में शिक्षक नगर कॉलोनी निवासी जयप्रकाश हलवाई हैं। उनका 17 साल का बेटा शिवा रविवार रात करीब 10 बजे से लापता हो गया। पिता ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पिता के अनुसार, शिवा को उसके दोस्त तेजस, आदित्य, सूर्यांश घर से बुलाकर लेकर गए थे। लेकिन देर रात तक शिवा घर नहीं लौटा।
सोमवार शाम जयप्रकाश ने शिवा के दोस्त तेजस को मोहल्ले में ही पकड़ लिया। उससे शिवा के बारे में पूछा तो वह आनाकानी करने लगा। शक होने पर घरवालों ने उसकी पिटाई कर दी। उसे पुलिस के पास लेकर गए। पुलिस ने सख्ती से पूछा तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
तेजस ने पुलिस को बताया- मैंने शिवा की हत्या कर दी है। शव खेत में पड़ा है। पुलिस सोमवार रात करीब 12.30 बजे खेत पर पहुंची, जहां शिवा का शव पड़ा था। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए।
मंगलवार शाम करीब 6 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव घरवालों को सौंप दिया गया। लेकिन, शव लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार हाईवे पर पहुंच गए।
हाईवे पर शव रखकर जाम लगाया, लाठीचार्ज किया
परिजनों ने शव को हाईवे के बीचों-बीच रखकर नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ ही देर में हाईवे के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। महिलाएं और बुजुर्ग भी प्रदर्शन में शामिल हो गए।
पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। मगर वह नहीं माने। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने परिजनों को हरसंभव मदद और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बावजूद प्रदर्शन समाप्त नहीं हुआ।
पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया तो धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। जवाब में गांव वालों ने भी पुलिस पर पथराव कर दिया। करीब 3 घंटे तक हंगामा होता रहा। अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर स्थिति पर काबू पाया गया और काफी मशक्कत के बाद हाईवे से जाम हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया।
पुलिस बोली- आरोपियों ने शिवा को खेत में बुलाया था
एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि शिवा और आरोपियों के बीच पहले दोस्ती थी। लेकिन किसी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश हो गई। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने शिवा को बहाने से खेत में बुलाया। उसकी हत्या कर शव वहीं फेंक दिया।
शिवा मजदूरी करता था और तीन बहनों का इकलौता भाई था। पुलिस ने पिता की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी तेजस गिरफ्तार है, जबकि फरार दो आरोपियों की तलाश के लिए तीन विशेष पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
एसएसपी अभिनंदन ने कहा-
लाठीचार्ज और पथराव की घटना को लेकर भी पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों की पहचान की जा रही है।