बांकीपुर में चुनाव प्रचार खत्म, आज घर-घर जाएंगे प्रत्याशी:दो दिन में भाजपा-PK ने लगाया दम, सड़क पर उतरे तेजस्वी, 30 को 3.79 लाख वोटर करेंगे फैसला

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की सीट बांकीपुर में हो रहे उपचुनाव के मंगलवार को प्रचार खत्म हो गया। चुनाव प्रचार के आखिरी दो दिन में भाजपा, जन सुराज और राजद ने पूरा दम लगाया।

भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को साथ लेकर नितिन नवीन और बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने रोड शो किया। जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने मोहल्ला बैठकें की।

वहीं, राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में तेजस्वी यादव ने रोड शो किया। मंगलवार को शाम 5 बजे प्रचार का शोर थम गया। आज प्रत्याशी घर-घर जाकर लोगों से मिलेंगे, वोट देने की अपील करेंगे।

3.79 लाख से अधिक मतदाता करेंगे वोट

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3 लाख 79 हजार 616 मतदाता वोट डालने के पात्र हैं। इनमें 2 लाख 60 पुरुष, 1 लाख 79 हजार 533 महिला और 23 थर्ड जेंडर हैं।

422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 247 मतदान केंद्र सरकारी भवनों में तथा 175 मतदान केंद्र निजी भवनों में स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त मतदाताओं की सुविधा के लिए 29 चलंत (मोबाइल) मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं।

25 उम्मीदवार चुनाव मैदान में

नामांकन प्रक्रिया के दौरान 40 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। जांच के बाद 26 नामांकन वैध पाए गए। इसके बाद एक उम्मीदवार ने नाम वापस ले लिया, जिसके चलते अब 25 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

बांकीपुर में पारा मिलिट्री की 14 कंपनियां तैनात

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर पुलिस मुख्यालय ने तैयारी कर ली है। चुनाव के दौरान हुड़दंग और वोटिंग के समय गड़बड़ी करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। पारा मिलिट्री की 14 कंपनियों को तैनात किया गया है।

28 विशेष चेकिंग प्वाइंट्स बनाए गए हैं। हर छोटे-बड़े वाहन की जांच की जा रही है। पटना आईजी जितेन्द्र राणा ने सभी डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर और थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे खुद गश्त की कमान संभालें और आचार संहिता का पालन कराएं।

सभी बूथ पर सशस्त्र बल तैनात रहेंगे

पुलिस प्रेक्षक राकेश अग्रवाल ने कहा कि आपसी समन्वय से मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराया जाए। सभी 422 बूथों पर केंद्रीय सशस्त्र बल तैनात रहेंगे और जिला बल के साथ क्षेत्र में फ्लैग मार्च होगा।

चुनाव प्रचार के आखिरी के दो दिन में क्या हुआ?

27 जुलाई

भाजपा नेताओं ने किया रोड शो: भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ रोड शो किया। रोड शो भट्टाचार्य मोड़ से शुरू होकर गांधी मैदान स्थित उद्योग भवन तक पहुंचा। मोना सिनेमा के सामने जनसभा में नेताओं ने भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा के लिए वोट मांगे।

मुख्यमंत्री और नितिन नवीन ने जनता से भारी मतों से जीत दिलाने की अपील की। करीब 2 किमी लंबे रोड शो में एनडीए के सहयोगी दलों के नेता भी भाजपा अध्यक्ष के साथ रहे।

प्रशांत किशोर ने जनता से सीधा संवाद किया: जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने बांकीपुर के अलग-अलग वार्डों में सुबह से देर रात तक मोहल्ला बैठकों और चाय पे चर्चा के जरिए जनता से सीधा संवाद साधा।

पीके ने कहा कि बांकीपुर को सिर्फ वोटबैंक समझा गया है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि बच्चों के बेहतर भविष्य और व्यवस्था परिवर्तन के लिए वोट दीजिए।

तेजस्वी बोले ने रेखा गुप्ता के साथ किया रोड शो: राजद नेता तेजस्वी यादव ने पार्टी की प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में रोड शो किया। रोड शो वार्ड नंबर 16 के पुरंदरपुर, वार्ड नंबर 17 के चांदपुर बेला और जयप्रकाश नगर पहुंचा।

तेजस्वी ने कहा कि बांकीपुर की जनता अब बदलाव चाहती है। भाजपा सरकार से लोगों का मोहभंग हो चुका है। यहां लड़ाई भाजपा और राजद में हैं। वे करबिगहिया में बंटी यादव के परिजनों से भी मिले।

28 जुलाई

BJP कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी यादव के काफिले पर फेंके पैंपलेट्स: पटना के सिटी सेंटर मॉल के पास BJP और RJD कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए। BJP कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी यादव के काफिले पर अपने पैंपलेट उड़ाए।

BJP के प्रचार रथ पर पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा, MLC पवन सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और विधायक संजीव चौरसिया मौजूद थे।

तेजस्वी बोले-सरकार बनी तो छात्रों को पेंशन देंगे: तेजस्वी यादव ने 7 किमी लंबा रोड शो किया। 20 गाड़ियों में 200 कार्यकर्ताओं के साथ उनका काफिला निकला है।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘जिस तरह से जेपी आंदोलन में शामिल होने वाले लोगों को सरकार पेंशन देती है, भविष्य में सरकार बनी तो छात्र आंदोलन में गिरफ्तार हुए छात्रों के लिए पेंशन की व्यवस्था करेंगे।’

उन्होंने कहा, ‘मौजूदा सरकार ने नौकरी का वादा किया था। जो किया नहीं। कथनी और करनी में अंतर है। पूरा माहौल रेखा गुप्ता के पक्ष में है। इस चुनाव में हम जितेंगे। बीजेपी के लोगों को करारा जवाब देंगे। जनता सब देख रही है। कैसे युवाओं, किसानों और महिलाओं को ठगा। पुलिसिया गुंडा राज सम्राट चौधरी बनाने की कोशिश कर रहे हैं।’

कल शाम 5:30 बजे से एएन कॉलेज रोड पर गाड़ियों की एंट्री पर रोक

बांकीपुर उपचुनाव के मतदान के बाद ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। 30 जुलाई को मतदान समाप्त होने के बाद एएन कॉलेज में ईवीएम और बीवीपीएटी जमा होगी।

इसके मद्देनजर शाम 5:30 बजे से बोरिंग रोड चौराहे से एएन कॉलेज होते पानी टंकी मोड़ की तरफ गाड़ियों के जाने पर रोक रहेगी। बोरिंग रोड में मोहिनी मोड़ से सहदेव महतो मार्ग होते पानी टंकी मोड़ तक भी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।

यह प्रतिबंध पूरी ईवीएम जमा होने तक रहेगा। हालांकि एंबुलेंस, दमकल, शव वाहन और न्यायिक कार्य से जुड़ी गाड़ियों को नो एंट्री से छूट दी गई है।

वैकल्पिक रास्ते गाड़ियां बेली रोड, बोरिंग रोड क्रॉसिंग, बोरिंग रोड चौराहा और बोरिंग कैनाल रोड होते राजापुर पुल तक जा सकती हैं। कुर्जी मोड़ से बोरिंग रोड की ओर आने वाली गाड़ियां पाटलिपुत्र गोलंबर तक आ सकेंगी। वहां से अन्य रास्तों का प्रयोग कर सकती हैं।

साईं मंदिर मोड़ से राजीवनगर आरओबी के नीचे (अटल पथ) होते अपने गंतव्य तक जाया जा सकता है। कुर्जी मोड़ से पटना जंक्शन जाने वाली गाड़ियां राजापुर पुल, बोरिंग कैनाल रोड, बोरिंग रोड चौराहा होते बेली रोड का इस्तेमाल कर सकती हैं।

चुनावी और ईवीएम वाली गाड़ियों के रास्ते तय

  • आने का रास्ता: ईवीएम लाने वाली गाड़ियां अशोक राजपथ-राजापुर पुल-बोरिंग रोड चौराहा-तपस्या चौक होते एएन कॉलेज के मुख्य गेट तक पहुंचेंगी। इसके अलावा भट्टाचार्या चौराहा डाकबंगला-बेली रोड-बोरिंग रोड क्रॉसिंग-तपस्या चौक का रास्ता भी तय किया गया है।
  • जाने का रास्ता: ईवीएम उतारने के बाद गाड़ियां पानी टंकी मोड़ से अटल पथ या पाटलिपुत्र गोलंबर होते लौटेंगी। पार्किंग की व्यवस्था पानी टंकी मोड़ से अटल पथ की सर्विस लेन में। पाटलिपुत्र के सहयोग अस्पताल के सामने खाली मैदान में। एसके पुरी पार्क के सामने दमदम पार्क में ईवीएम जमा करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए टूव्हीलर पार्किंग की व्यवस्था होगी।