भीलवाड़ा में आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्रेलर की केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गई और ड्राइवर उसमें बुरी तरह फंस गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
हादसा शुक्रवार तड़के करीब 4:30 बजे भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर पुर थाना क्षेत्र के संगम स्कूल के पास कानोली चौराहे पर हुआ।
जानकारी के अनुसार, जोधपुर से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रहे आगे वाले ट्रेलर में पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर आकर भिड़ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्रेलर की केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ड्राइवर उसमें बुरी तरह फंस गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने क्रेन बुलाकर निकाला शव
हादसे के समय ट्रेलर में ड्राइवर अकेला था। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ड्राइवर का शव केबिन में फंसा होने के कारण उसे निकालने के लिए क्रेन मंगवाई गई। पुलिस की मौजूदगी में ट्रेलर हटाकर शव बाहर निकाला गया। इस दौरान कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
नींद की झपकी की आशंका
पुलिस ने मृतक की पहचान सुरजाराम पुत्र जब्बर सिंह, निवासी जोधपुर के रूप में की है। वह ट्रेलर में माल लेकर निम्बाहेड़ा जा रहा था। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आने से यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस दुर्घटना के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।