करनाल में कार सवार युवकों पर फायरिंग:पीछा कर रास्ता रोका, 10-12 लोगों ने किया हमला; होटल पर भागकर बचाई जान

करनाल जिले के असंध क्षेत्र में देर रात युवकों पर कार सवार बदमाशों ने पीछा कर फायरिंग कर दी। घटना उस समय हुई जब युवक अपने दोस्त के साथ कार में करनाल लौट रहा था। रास्ते में कई गाड़ियों ने उनका पीछा किया और जयसिंहपुरा गांव के पास आरोपियों ने रास्ता रोककर जानलेवा हमला कर दिया।

फायरिंग में कार के आगे और पीछे के टायर को नुकसान पहुंचा, लेकिन युवक किसी तरह जान बचाकर मौके से निकलने में सफल रहे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा घटनाक्रम असंध से लौटते समय हुआ हमला घरौंडा निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वर्तमान में सीएचडी सिटी करनाल में रहता है। 30 जुलाई को शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच वह अपने दोस्त घरौंडा निवासी तरुण के साथ तरुण के चाचा मोबिन की स्कॉर्पियो गाड़ी में अपनी बुआ के लड़के गुरताज को असंध स्थित घर छोड़ने गया था।

तीनों असंध में कुछ समय तक घूमते रहे और जूस आदि पीते रहे। रात करीब 9 बजे गुरताज को उसके घर छोड़ दिया। इसके बाद हरप्रीत और तरुण होटल चौक पर अंडे खाने के लिए रुके और करीब 9:45 बजे करनाल के लिए वापस निकल गए। उस समय गाड़ी तरुण चला रहा था और हरप्रीत ड्राइवर के पास वाली सीट पर बैठा था।

कई गाड़ियों ने किया पीछा शिकायतकर्ता के अनुसार, असंध से निकलते ही उनके पीछे एक सफेद रंग की क्रेटा, एक काले रंग की थार और एक वोक्सवैगन वेंटो गाड़ी लग गई। इसके अलावा 3-4 अन्य गाड़ियां भी आगे-पीछे तेज रफ्तार से चल रही थीं। जैसे ही वे गांव जयसिंहपुरा के पास पहुंचे, एक क्रेटा कार ने उन्हें ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की।

इस क्रेटा कार में अमृतपाल उर्फ हैप्पी खाहरा निवासी करनाल गाड़ी चला रहा था। उसके साथ आगे की सीट पर गुलाब सिंह निवासी जलमाना हाल निवासी शिव कॉलोनी करनाल बैठा था। पीछे की सीट पर मंदीप बाजवा निवासी डेरा अरडाना और पाल विर्क निवासी असंध, जो बस अड्डे के पास इमीग्रेशन का दफ्तर चलाता है, बैठे थे।

दो राउंड फायरिंग, टायर फटा आरोपियों ने गाड़ी रोकते हुए हथियार लहराए और पीछे बैठे मंदीप बाजवा ने हरप्रीत की तरफ 2 राउंड फायर किए। पहला फायर गाड़ी के आगे टायर के पास फेंडर पर लगा। इसके बाद तरुण ने गाड़ी तेज गति से भगाई, लेकिन आरोपियों ने पीछा जारी रखा।

कुछ ही देर बाद मंदीप ने दूसरा फायर किया, जो गाड़ी के पीछे वाले टायर में लगा। इससे टायर फट गया, लेकिन फिर भी किसी तरह गाड़ी को संभालते हुए दोनों युवक अपनी जान बचाकर जयसिंहपुरा से करनाल रोड स्थित हवेली होटल पहुंच गए।

होटल के पास बची जान, आरोपी फरार हवेली होटल पर रोशनी और लोगों की मौजूदगी देखकर आरोपी अपनी-अपनी गाड़ियों में फरार हो गए। पीड़ितों ने मौके पर मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद किसी ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।

पहले भी हो चुकी है फायरिंग हरप्रीत सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि अमृतपाल उर्फ हैप्पी खाहरा पहले भी वर्ष 2025 में करनाल कोर्ट परिसर में उस पर फायरिंग कर चुका है। इस मामले में थाना सिविल लाइन करनाल में मुकदमा दर्ज है।

पुलिस ने दर्ज किया केस पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर थाना असंध में 31 जुलाई को केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर धर्मपाल को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, पीड़ित युवक ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।