डेहरी के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर की औरंगाबाद में हत्या:कार से खींचकर अपराधियों ने धारदार हथियार से मारा; बॉडी देख कर पत्नी बेहोश, हिरासत में ड्राइवर

रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की अपराधियों ने हत्या कर दी। वारदात औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र में हुई है।

अपराधियों ने ऑफिसर को पहले पीटा, फिर धारदार हथियार से हमला किया। गोली मारने की भी बात समाने आ रही है। पति का शव देखकर पत्नी बेहोश हो गई, उनके दो छोटे बच्चे बिलखकर रोने लगे।

घटना पटना कैनाल नहर रोड पर घनौती पुल के पास की है। रोहतास डीएम ने बताया कि ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच जारी है।

कार से खींचकर हत्या

विमल कुमार अपनी कार से पटना जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में घात लगाए अपराधियों ने उनकी गाड़ी रोकी फिर लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला बोल दिया।

मारपीट करने के बाद बदमाशों ने विमल को गोली मार दी। उनके शरीर पर चोट के गंभीर निशान है।

गंभीर हालत में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें रोहतास जिले के जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

ड्राइवर की भूमिका संदिग्ध, पुलिस कर रही पूछताछ

रोहतास DM दीपक कुमार मिश्रा ने बताया, रात में एग्जीक्यूटिव ऑफिसर के घायल होने की खबर मिली। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वारदात औरंगाबाद में हुई है, लेकिन रोहतास पुलिस के साथ मिलकर जांच की जा रही है।

चालक की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। औरंगाबाद पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एसडीपीओ सदर -1 सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना से सबंधित अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

6 महीने पहले ड्राइवर को काम से हटाया था

मिली जानकारी के मुताबिक, कार्यपालक पदाधिकारी विमल का उनके ड्राइवर मिथिलेश के साथ किसी बात को लेकर तनाव था। 6 महीने पहले ही विमल कुमार ने अपने ड्राइवर को काम से हटा दिया था। लेकिन बाद में पत्नी के कहने पर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर ने मिथिलेश को फिर से काम पर रख लिया और वो दोबारा गाड़ी चलाने लगा।

मर्डर के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे लूट, पुरानी रंजिश या कोई अन्य कारण तो नहीं है।

डेहरी नगर नगर परिषद की मुख्य पार्षद शशि कुमारी ने कहा, बहुत दुखद घटना है। उनकी हत्या कर दी गई है। साजिश रचकर उनकी हत्या की है। सरकार से मांग करती हूं कि इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए।

CS बोले- गोली लगने की फिलहाल पुष्टि नहीं

कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार गयाजी जिले के शेरघाटी के रहने वाले थे। फिलहाल उनका परिवार पटना में रह रहा है। परिवार में पत्नी, बेटी और एक छोटा बेटा है। सूचना पर सभी सासाराम पहुंच गए हैं। जहां शव का सदर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।

रोहतास के सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने कहा, ‘हत्या हुई है, हमारे अस्पताल में लाश आई थी। देर रात 12 बजे मुझे खबर मिली है। मैंने मेडिकल टीम बनाई है।’

‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में हुए थे शामिल

विमल शनिवार शाम डेहरी में ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम में लोजपा आर के विधायक सोनू सिंह, डेहरी के एसडीएम और अन्य अधिकारी थे। डॉ. विमल ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया था।

इधर, जानकारी मिलते ही रोहतास के जिलाधिकारी दीपक मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार भी नारायण मेडिकल कॉलेज पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

वहीं, औरंगाबाद सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने बताया कि बारुण थाना क्षेत्र के पटना कैनाल नहर रोड पर डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या की सूचना मिली है।

प्रथम दृष्टया अज्ञात अपराधियों द्वारा हमला किए जाने की बात सामने आई है। पहले जानकारी मिली कि उन्हें गोली मारी गई है। लेकिन बाद में पता चला कि उनके शरीर पर मारपीट तथा धारदार हथियार के भी निशान है।