अभिजीत दीपके के परिवार की संपत्ति जांचने की मांग:RTI कार्यकर्ता ने पूछा- पिता जूनियर इंजीनियर, उनकी सैलरी में बेटे की अमेरिका में पढ़ाई कैसे हुई

सूरत के RTI कार्यकर्ता अमित तिवारी ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके के परिवार की आर्थिक स्थिति की जांच की मांग की है। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार, चुनाव आयोग (ECI) और केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) को शिकायत भेजी है।

तिवारी का दावा है कि अभिजीत दीपके के पिता भगवानराव दीपके महाराष्ट्र इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MIDC) में जूनियर इंजीनियर (JE) थे। उनकी मासिक सैलरी करीब ₹60-65 हजार थी। ऐसे में यह जांच होनी चाहिए कि उन्होंने अपने बच्चों की अमेरिका में उच्च शिक्षा का खर्च कैसे उठाया।

तिवारी बोले- CJP रजिस्टर्ड संस्था नहीं है

अमित तिवारी ने महाराष्ट्र सरकार से भगवानराव दीपके की आय और संपत्ति की जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि CJP राजनीतिक दल की तरह काम कर रही है, लेकिन उसका चुनाव आयोग में पंजीकरण नहीं है और वह चंदा भी जुटा रही है।

उन्होंने चुनाव आयोग से कहा कि अगर CJP राजनीतिक दल की तरह काम कर रही है और चंदा ले रही है, तो उसे जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 29A के तहत राजनीतिक दल के रूप में रजिस्ट्रेशन कराना चाहिए।

CJP आंदोलन पर भी उठाए सवाल

अमित तिवारी ने CBIC से अपनी मांग में कहा कि राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने CJP को फंड के तौर पर जो 1 करोड़ रुपए देने की घोषणा की है, उस पर भी 18% GST लगाया जाए।

तिवारी ने कहा कि शुरुआत में CJP का आंदोलन NEET पेपर लीक जैसे मुद्दे तक सीमित था, लेकिन बाद में आंदोलन की दिशा बदल गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनकी दिवंगत मां और विदेशी नेताओं से उनके संबंधों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। तिवारी ने कहा कि इन सभी मामलों की शिकायत भी संबंधित अधिकारियों से की गई है।

कॉकरोच पार्टी ने स्टूडेंट्स की लीगल मदद के लिए फंड बनाया

कॉकरोच जनता पार्टी ने 27 जुलाई को पेपर लीक आंदोलन के बाद आपराधिक मामलों का सामना कर रहे छात्रों की कानूनी सहायता के लिए लीगल डिफेंस फंड बनाने की घोषणा की थी।

सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल ने इस फंड में 1 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया था। उन्होंने देशभर के वकीलों से भी इस कोष में योगदान देने की अपील की थी।

CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा था कि केंद्र सरकार के आश्वासन के बावजूद देशभर में छात्रों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होने की आशंका है। उन्होंने यह भी बताया था कि इस मामले में CJP सुप्रीम कोर्ट के वकीलों के संपर्क में है। उस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कपिल सिब्बल भी मौजूद थे।

महाराष्ट्र के अभिजीत AAP के साथ काम कर चुके

30 साल के अभिजीत महाराष्ट्र के संभाजी नगर के रहने वाले डिजिटल मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट हैं। अभिजीत ने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। फिलहाल, अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशंस से मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे हैं।