होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे कतर के LNG (लिक्विफाइट नैचुरल गैस) से भरे एक टैंकर पर शनिवार को हमला हुआ। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों ने जहाज की पहचान ‘गैसलॉग शंघाई’ के रूप में की है। बताया गया कि टैंकर किसी मिसाइल या ड्रोन की चपेट में आ गया।
इससे पहले ब्रिटेन की एक एजेंसी ने बताया था कि ओमान तट के पास एक टैंकर पर हमला हुआ। इससे उसके इंजन रूम को नुकसान पहुंचा और वह आगे नहीं बढ़ पाया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
उधर, ईरान ने शनिवार को कुवैत पर ड्रोन हमले किए। इन हमलों में एक सरकारी इमारत और एक नागरिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा। कुवैत की सेना ने बताया कि हमले के बाद उसका एयर डिफेंस सिस्टम तुरंत सक्रिय हो गया और देश की सीमा में घुसे कई ईरानी ड्रोन मार गिराए गए।
1. जयशंकर की ईरानी विदेश मंत्री से बात: विदेश मंत्री जयशंकर ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से फोन पर बात की। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में कारोबारी जहाजों और उन पर काम करने वाले नाविकों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
2. ईरान जंग में 16 भारतीयों की मौत: इस साल पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद अब तक 16 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है। इनमें 10 नाविक शामिल हैं। सरकार ने संसद में इसकी जानकारी दी।
3. पेंटागन ने मांगे 18.2 अरब डॉलर: अमेरिका के रक्षा विभाग (पेंटागन) ने ईरान युद्ध के दौरान इस्तेमाल की गई मिसाइलों का भंडार फिर से भरने के लिए 18.2 अरब डॉलर (करीब 1.59 लाख करोड़ रुपए) की आपात फंडिंग मांगी है।
4. IRGC सदस्यों के शव ईरान पहुंचे: ईरानी मीडिया के मुताबिक, इराक में हाल के अमेरिकी और सऊदी हमलों में मारे गए IRGC के पांच सदस्यों के शव शुक्रवार को ईरान लाए गए।