बुलंदशहर के 2-BJP नेताओं ने पप्पू यादव पर हमला किया:एक भाग निकला; सांसद बोले- चाकू लेकर मेरी हत्या करने आए थे

बिहार के बाहुबली सांसद पप्पू यादव पर रविवार शाम दिल्ली में उनके आवास पर बुलंदशहर के रहने वाले दो युवकों ने हमला कर दिया। पप्पू यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे, तभी उन पर चप्पल फेंकी गई।

आरोपियों में एक का नाम सुमित प्रधान उर्फ सुमित गिरि गोस्वामी और दूसरा हैप्पी शर्मा है। दोनों भाजपा नेता हैं। सुमित भाजपा का नगर मंत्री तो हैप्पी मंडल महामंत्री है। दोनों ठेकेदारी करते हैं।

पप्पू यादव ने सुमित को दबोच लिया था, जबकि उनके समर्थकों ने हैप्पी की जमकर पिटाई की। हंगामे के बीच हैप्पी भाग निकला, जबकि सुमित को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पप्पू यादव बिहार में पूर्णिया से निर्दलीय बाहुबली सांसद है। शाम करीब 5:30 बजे की ये घटना है। पप्पू यादव का कहना है कि आरोपी अपने साथ चाकू भी लेकर आए थे। वह मेरी हत्या करना चाहते थे। पुलिस को अभी सुमित का कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं मिला है। इस बात की जांच की जा रही है कि आरोपी चाकू लेकर कैसे पहुंचे थे।

पप्पू यादव ने शुक्रवार को संसद में चंदा चोरी का नाटक किया था, जिसके बाद लखनऊ के एक हिंदूवादी नेता ने उनका सिर लाने वाले को 51 लाख रुपए का इनाम देने का ऐलान किया था।

हमले के बाद पप्पू यादव ने मीडिया से कहा- आपके सामने ही हमला हुआ है? मेरा क्या गुनाह है? गुनाह बृजभूषण तिवारी का है, चंपत राय का है।

आरोपी हैप्पी बोला- हम चाकू लेकर नहीं गए थे

पप्पू यादव पर चप्पल फेंकने वाले हैप्पी शर्मा ने कहा- पप्पू यादव के घर के बाहर साधुओं का धरना चल रहा था। मैं और मेरा साथी सुमित गिरि गोस्वामी साधुओं का सपोर्ट करने गया था, लेकिन तब तक साधुओं को हटाया जा चुका था। इसलिए हम सांसद पप्पू यादव से मिलने पहुंच गए। हम जब गए तो हमारी चेकिंग भी हुई। वहां प्रेस कॉन्फ्रेंस चल रही थी।

हमने उनसे कहा- आप साधुओं के भगवा वस्त्र पहनकर लोट रहे हैं। भगवान राम के चित्र को सांसद अवधेश प्रसाद के पैरों के पास रख रहे हैं, ये गलत है। इस पर सांसद के लोग हमें पीटने लगे। वह सुमित को खींचकर घर से अंदर ले गए। इस दौरान मैं घर के बाहर हो गया।

चाकू लेकर जाने के आरोप पर हैप्पी ने कहा- जब उन लोगों ने हमें पीटा तो हमने उन पर चप्पल-जूते तो फेंके, लेकिन हम वहां चाकू लेकर नहीं गए थे। चाकू उन्होंने अपनी तरफ से लाकर मीडिया को दिखाया।

हैप्पी शर्मा के भाई राशन डीलर, डिप्टी सीएम के साथ फोटो

पुलिस के मुताबिक, पप्पू यादव पर हमला करने वाला हैप्पी शर्मा बुलंदशहर में नेथला हसनपुर गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम मुनेश कुमार शर्मा है। बड़े भाई सुमंत राशन डीलर हैं। हैप्पी लंबे समय से भाजपा से जुड़ा है। 5 जून को हैप्पी शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की थी। इस पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उन्हें बधाई दी थी।

गाजियाबाद में लोहे का काम करता है सुमित

आरोपी सुमित बुलंदशहर में सहपानी गांव का रहने वाला है। पिता का नाम फूल गिरी है। 34 साल का सुमित गाजियाबाद में रहता है। वह वहां लोहे के सामान बनाने का काम करता है।

दिल्ली पुलिस से पूछताछ में सुमित ने बताया, वह शनिवार को बुलंदशहर से दिल्ली अपनी गाड़ी ठीक कराने आया था। पुलिस उसके इस दावे का सत्यापन कर रही है।

समर्थकों का दावा- अतीक हत्याकांड जैसी वारदात की प्लानिंग थी

पप्पू यादव के मीडिया संयोजक ने कहा- हमलावरों ने पहले चप्पल फेंकी, फिर चाकू निकालकर हमला करने की कोशिश की। दिल्ली पुलिस मूकदर्शक बनी रही और हमलावरों को बचाने में लगी थी। उनका दावा है कि हमलावर प्रयागराज के अतीक अहमद हत्याकांड जैसी वारदात को अंजाम देने आए थे।

एक समर्थक बोला- हमलावर के चाकू से उंगली में चोट लगी

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद एक अन्य समर्थक ने कहा- तीन-चार लोग अचानक वहां पहुंचे और चाकू से हमला करने की कोशिश की। मैंने पप्पू यादव को बचाने के लिए अपना हाथ आगे कर दिया। चाकू से मेरी ऊंगली पर कट लगा, इसके बाद भी हमलावर हमला करते रहे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पप्पू यादव से फोन पर बात की और उनसे घटना की जानकारी ली। उन्होंने X पर लिखा- हिंसा हार के डर से जन्म लेती है। भाजपा हताश है। इसीलिए देश के बच्चों के बाद अब सांसद तक पर प्राणघातक हमले करवा रही है। उनकी प्रेस कांफ्रेंस में एक हमलावर के चाकू लेकर पहुंचने की घटना बेहद गंभीर मामला है। सांसद की सुरक्षा में लगे सरकारी महकमे की भारी चूक भी। जांच हो।

अखिलेश ने कहा- जनप्रिय सांसद पप्पू यादव की लोकप्रियता, भाजपा पचा नहीं पा रही है। क्योंकि भाजपा अपने कुकृत्यों की वजह से हर तरह से बदनाम हो चुकी है। लोकसभा अध्यक्ष संज्ञान लें। पप्पू यादव सदैव यूं ही सक्रिय रहें।

31 जुलाई: पप्पू ने राममंदिर चंदा चोरी का नाटक किया

मानसून सत्र के 10वें दिन पप्पू यादव भगवा चोला पहनकर साधु के वेश में दानपेटी लेकर संसद भवन पहुंचे थे।

संसद परिसर में राममंदिर चढ़ावा चोरी के विरोध में एक शॉर्ट प्ले किया गया था। पुजारी बनकर आए पप्पू यादव ने जमीन पर बैठे थे। इसके बाद राहुल गांधी समेत अन्य सांसदों ने उन्हें चंदा दिया।

दान के पैसे पप्पू यादव पेटी में न डालकर अपने पास रख रहे थे। प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव अयोध्या सांसद के पैर छूते दिखाई दिए थे।

चढ़ावा चोरी का ‘नाटक’ करने पर राहुल-पप्पू यादव पर FIR

वाराणसी में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, सपा सांसद अवधेश प्रसाद और बिहार के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर FIR दर्ज हुई है। ये FIR पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु बालक दास ने कोतवाली थाने में कराई है।

लखनऊ में हिंदूवादी नेता ने कहा था- पप्पू यादव का सिर लाने वाले को 51 लाख देंगे

लखनऊ में सनातन रक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुरोध राय ने चेतावनी देते कहा- पप्पू यादव के पापों का अंत हो गया है। सजा का समय आ गया है। राहुल गांधी और अखिलेश यादव भी सनातन विरोधी हैं। अगर इन लोगों ने माफी नहीं मांगी तो सनातन रक्षा संगठन जुबान खींचकर खूंटे से बांध देगा। पप्पू यादव का सिर लाने वाले को ₹51 लाख देने का ऐलान किया।