लुधियाना के स्मार्ट स्कूल की खुली पोल:केंद्रीय मंत्री बिट्टू का निरीक्षण, खुले में बन रहा मिड-डे मील; बरामदे में पढ़ने को मजबूर छात्र

केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आज लुधियाना में सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आए हालात ने प्रशासनिक दावों पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने खुद स्कूल की खराब स्थिति का जायजा लिया और वहां की तस्वीरें साझा कीं। ‘स्मार्ट स्कूल’ का दर्जा मिलने के बावजूद यहां बच्चों के लिए बुनियादी सुविधाओं की कमी नजर आई। कई बच्चे क्लासरूम के साथ-साथ बाहर बरामदे में बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर दिखाई दिए।

खुले में बन रहा मिड-डे मील, सफाई नदारद

स्कूल में साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी तरह बदहाल मिली। मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने परिसर में फैली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यहां सफाई व्यवस्था पर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बच्चों के लिए तैयार किया जाने वाला ‘मिड-डे मील’ (Mid-Day Meal) खुले आसमान के नीचे पकाया जा रहा था। मंत्री ने इसे बच्चों की सेहत और स्वच्छता से जुड़ा गंभीर मामला बताया।

दो और स्कूलों की होगी जांच

मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि कुंदन पुरी के सरकारी स्कूल में सामने आई खामियों के बाद शहर के दो अन्य सरकारी स्कूलों का भी औचक निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि आज ही दो अन्य स्कूलों की जांच कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाएगा, ताकि स्कूलों की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।