पाली में रोडवेज बस-ट्रेलर में टक्कर, 3 घायल:हाईवे पर ट्रेलर के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा, दूसरी बस से यात्रियों को भेजा गया जयपुर

पाली से जयपुर जा रही रोडवेज बस सोमवार सुबह हाईवे पर मठ के पास आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में बस में सवार 03 यात्री घायल हो गए, जबकि कई अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं। घायलों को एंबुलेंस से इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जरी है।

पाली से रवाना हुई थी बस

जानकारी के अनुसार पाली रोडवेज डिपो से सुबह 7:50 बजे जयपुर के लिए रवाना हुई बस हाईवे पर मठ के पास पहुंची थी। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रेलर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। हादसा टालने के लिए रोडवेज बस चालक ने बस मोड़ने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद बस पीछे से ट्रेलर से टकरा गई।

बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त, हाईवे पर लगा जाम

टक्कर इतनी तेज थी कि बस का एक तरफ का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम लग गया। सूचना पर पुलिस और एलएंडटी की टीम मौके पर पहुंची। दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया।

दूसरी बस से रवाना किए गए यात्री

हादसे के बाद रोडवेज ने यात्रियों की सुविधा के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की। इसके बाद सभी यात्रियों को दूसरी बस से जयपुर के लिए रवाना किया गया।

ये तीन हुए घायल

हादसे में रोडवेज बस में सावर पाली के मंडिया गांव के 25 साल के बंटी पुत्र दुर्गाराम घायल हो गए वे जयपुर जा रहे थे। सोजत बैंक जा रही बैंककर्मी पाली के हाउसिंग बोर्ड निवासी 30 साल की सुषमा पत्नी अंकित और सोजत मजदूरी पर जा रहे पाली के कालू कॉलोनी निवासी 50 साल के चांद मोहम्मद पुत्र इशाक खान भी घायल हो गए। जिन्हे ईलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया।