करनाल हर्ष एनकाउंटर मामला में सीएम ने लिया संज्ञान:एडीजीपी संजय कुमार करेंगे मामले की जांच, पुलिस विभाग ने किए आदेश जारी

हरियाणा के करनाल में हुए बीरु वाल्मीकि हत्याकांड के बाद एनकांउटर की जांच अब वरिष्ठ स्तर पर होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के आश्वासन को पूरा करते हुए जांच की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) संजय कुमार के नेतृत्व में कराने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस विभाग की ओर से इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं। इस सबंध में बुधवार सुबह समाज के प्रधान की तरफ से जांच के आदेश का पत्र जारी किया है।

प्रतिनिधिमंडल ने 13 अगस्त को सीएम से की थी मुलाकात बीरु वाल्मीकि की हत्या के बाद करनाल में पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में करनाल के हर्ष और कैथल के बीरबल की मौत हो गई थी। इस कार्रवाई के बाद अलग-अलग वर्गों की ओर से सवाल उठाए गए थे। कुछ लोगों ने इसे कथित तौर पर फर्जी मुठभेड़ बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इसी मांग को लेकर 13 अगस्त को एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिला था।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के सामने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराने की मांग रखी थी। इस पर सीएम सैनी ने भरोसा दिलाया था कि 15 अगस्त के बाद जल्द ही मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। अब सरकार ने जांच का जिम्मा वरिष्ठ अधिकारी को सौंपकर अपने आश्वासन को आगे बढ़ाया है।

पत्र में डीजीपी ने ये किए आदेश जारी हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल की ओर से जारी आदेश की प्रति संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है। इसमें IG क्राइम, हरियाणा को निर्देश दिए गए हैं कि वह किसी अधिकारी,कर्मचारी को नियुक्त कर जिला पुलिस करनाल से केस की पूरी फाइल और रिकॉर्ड हासिल करवाएं। वहीं, करनाल के SP को निर्देश दिया गया है कि वह केस से संबंधित पूरी फाइल और अन्य रिकॉर्ड स्टेट क्राइम ब्रांच द्वारा नियुक्त अधिकारी को सौंपें, ताकि आगे की जांच की जा सके। आदेश की प्रतियां ADGP लॉ एंड ऑर्डर, IG क्राइम हरियाणा, IG करनाल रेंज, SP करनाल और OSD to DGP हरियाणा को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।

संजय कुमार के नेतृत्व में होगी पूरे मामले की पड़ताल सरकार ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था संजय कुमार को जांच की जिम्मेदारी दी है। पुलिस विभाग में संजय कुमार की गिनती ईमानदार और सख्त अधिकारियों में होती है। कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में उनका अनुभव भी माना जाता है। ऐसे में सरकार के इस फैसले से यह संकेत गया है कि पुलिस कार्रवाई को लेकर उठे सवालों की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं को देखा जाएगा। पुलिस कार्रवाई किन परिस्थितियों में हुई, घटनाक्रम किस तरह आगे बढ़ा और उससे जुड़े तथ्य क्या हैं, इन सभी बिंदुओं की पड़ताल की जाएगी। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।

24 अगस्त को प्रदर्शन का किया था ऐलान मंगलवार को हर्ष एनकांउटर मामले में रोड़ समाज ने रोड़ धर्मशाला में महापंचात का आयोजन किया था। जिसमें कल समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री के प्रति नराजगी जाहीर करते हुए एक कमेटी का गठन किया था। इस कमेटी ने शाम को निर्णय लिया था कि 24 अगस्त को पूरे हरियाणा से रोड़ समाज के लोग करनाल की धर्मशाला में एकत्रित होगें और रोड़ धर्मशाला से जिला सचिवालय तक प्रदर्शन करेंगे। जिला सचिवालय में पहुंचकर डीसी के नाम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपेगे। ताकि हर्ष का इंसाफ मिल सके। लेकिन इस बीच देर रात को डीसीजी द्वारा मामले की जांच के आदेश एडीजीपी संजय कुमार को सौंप दी। अब वो इस मामले की जांच करेंगे।