गुरुग्राम में नगर निगम के चलते ट्रक में लगी आग:ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, इंजन में शार्ट सर्किट की आशंका, मची अफरा-तफरी

गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर राजीव चौक के पास रविवार सुबह नगर निगम के सफाई करने वाले ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गाड़ी जल गई।

इस घटना के बाद हाईवे और आसपास के सर्विस रोड पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि ट्रक ड्राइवर ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नगर निगम की सफाई गाड़ी रोजाना की तरह राजीव चौक और एक्सप्रेसवे के आसपास के हिस्सों में सफाई कार्य और कचरा उठाने के काम में लगी हुई थी।

जैसे ही गाड़ी राजीव चौक फ्लाईओवर के निचले हिस्से के पास पहुंची, इंजन से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, धुएं के गुबार के साथ ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगी।