करनाल में युवक के मर्डर का लाइव 10 सेकेंड में रॉड से 9 वार किए; गुस्साए लोगों ने नेपाली हमलावर को पीटकर अधमरा किया

हरियाणा के करनाल जिले में शुक्रवार सुबह एक युवक की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक अपनी दुकान पर सफाई कर रहा था कि तभी हमलावर वहां पहुंचा और 10 सेकेंड में ही रॉड से ताबड़तोड़ 9 वार कर उसकी हत्या कर दी।

हमलावर ने इससे पहले रास्ते में बाइक सवार और एक महिला पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन दोनों किसी तरह बच गए। मर्डर की वारदात के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को लोगों ने पकड़ लिया और पिटाई कर अधमरा कर दिया।

सूचना मिलते ही घरौंडा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बालीनगर निवासी 30 वर्षीय तेजबीर सिंह पुत्र सुभाष के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उत्तम कुमार नेपाल का रहने वाला है।

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उत्तम सफाई करते वक्त तेजबीर पर हमला करता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

  • सुबह 6 बजे दुकान खोलते ही किया हमला : घरौड़ा में वीर राइस के पास तेजबीर और उसका भाई चाय दुकान की दुकान चलाते है। शुक्रवार छह बजे तेजबीर दुकान पर पहुंचा और सफाई करने लगा। इसी दौरान नेपाल निवासी उतम सिंह भागते हुए वहां आया। उसके हाथ में लोहे की रॉड थी। दुकान में आते ही उसने रॉड से तेजबीर पर रॉड से हमला कर दिया।
  • अचानक हुए हमले से बचने का मौका नहीं मिला : अचानक हुए इस हमले से तेजबीर बच नहीं पाया। रॉड सिर में लगते ही वह नीचे गिर पड़ा। इसके बाद उत्तम सिंह ने उसे पर ताबड़तोड़ वार किए, जिसमें तेजबीर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर से खून की धारा फूट पड़ी।
  • लोगों ने आरोपी को पकड़कर पीटा : शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। एक युवक ने ईंट उठाकर उस पर फेंकी तो वह भागने लगा। मगर, लोगों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने उसकी जमकर धुनाई की। इसमें वह भी घायल हो गया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को पुलिस को सूचना दी।
  • अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया: पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को घरौंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने तेजबीर सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं आरोपी उत्तम कुमार का भी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए।
  • परिवार बोला- आरोपी रात भर कमरे में बंद रहा : आरोपी उत्तम सिंह एक सर्विस स्टेशन पर काम करता है। उसके मालिक ने रात भर उसे कमरे में भी बंद कर रखा था। उसने कमरे में भी तोड़फोड़ की और सुबह दरवाजे का शीशा तोड़कर बाहर निकल आया। रास्ते में उसने एक बाइक सवार को भी मारने की कोशिश की, लेकिन वह बचकर निकल गया था। फिर एक महिला से बदतमीजी की और इसके बाद दुकान पर पहुंचकर तेजबीर पर हमला किया।

पिता की हो चुकी मौत, तीन भाई-बहनों में मझला था तेजबीर

तेजबीर की हत्या के बाद परिवार में गम का माहौल है। उसके पिता सुभाष की 15 साल पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। मां कृष्णा ने बच्चों का पालन पोषण किया। तेजबीर तीन भाई-बहनों में मझला था। बड़ा भाई प्रदीप शादीशुदा है, जिसके दो बच्चे हैं। मझला तेजबीर अविवाहित था। उसकी छोटी बहन भी है। परिवार का कहना है कि वारदात के समय आरोपी नशे में था। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

परिजनों की शिकायत पर होगी कार्रवाई- प्रभारी

घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि तेजबीर नाम के युवक के सिर में आरोपी ने रॉड मारी थी, जिससे उसकी मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी भी घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।