BJP नेता के भतीजे का हत्यारोपी ठेकेदार गिरफ्तार:5 दिन पहले दोस्त को मारा था; रेवाड़ी पुलिस आज करेगी खुलासा

रेवाड़ी में भाजपा नेता के भतीजे की हत्या के आरोपी दोस्त ठेकेदार प्रवीण उर्फ पपला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के एक साथी अमन भी पुलिस की गिरफ्त में आने की सूचना है। आज से 5 दिन पहले सोमवार शाम सिर पर हमला कर दोस्त ठेकेदार ने भाजपा नेता के भतीजे की हत्या कर दी। हत्या के समय आरोपी के साथ एक और युवक मौजूद था।

आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों विशेषकर परिजनों में रोष बढ़ता जा रहा था। मामले को लेकर दोपहर एक बजे एएसपी दीपिका अग्रवाल अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता करेंगी।

मर्डर के कारणों पर सस्पेंस

हत्या के पांच दिन बाद भी 40 वर्षीय जितेंद्र यादव के हत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। परिवार जहां पैसे के लेन-देन को वजह मान रहा है, तो कुछ लोग इसे महिला से जुड़ा मामला मानकर चल रहे हैं। मृतक के चाचा एवं भाजपा नेता के मर्डर से दो दिन पहले पत्नी पर हमला कर सिर फोड़ने के आरोपों से भी इन चर्चाओं को हवा मिली है।

पुलिस की खामोशी से हत्या के पांच दिन बाद भी भाजपा नेता के भतीजे के मर्डर पर सस्पेंस बना हुआ है।

पत्नी पर भी हमले का आरोप

उत्तम सिंह ने दावा किया था कि जितेंद्र की हत्या से पहले प्रवीण ने अपनी ही पत्नी पर हमला किया था। जिससे उसके सिर में टांके आए थे। इससे दो दिन पहले ही प्रवीण मध्यप्रदेश के रतलाम में चल रहे काम की साइड से गांव लौटा था। उन्होंने बिठवाना गांव में किराए पर रह रही महिला के साथ अफेयर के भी आरोप लगाए थे।

जिनके पति तीन साल पहले तक प्रवीण के पास ही रंग पेंट का काम करते थे। जिस कारण मामले को महिला के एंगल से जोड़कर देखा जा रहा है।

एसएचओ बोले- डिस्टर्ब न करें

आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर एसएचओ मॉडल टाउन मनोज कुमार से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि जो कुछ भी होगा, पत्रकार वार्ता करके आप सभी को बता दिया जाएगा। हम अपना काम कर रहे हैं, बार-बार फोन कर हमें डिस्टर्ब मत किया करो।

बार-बार बदल रही थी लोकेशन

हत्या के बाद से ही आरोपी प्रवीण ठेकेदार फरार चल रहा था। पुलिस से बचने के लिए आरोपी बार-बार अपने फोन की लोकेशन बदल रहा था। जिससे वह पुलिस के हाथ नहीं लग रहा था। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में रोष था। सरपंच ने स्वयं भी इसके संकेत दिए थे।

यहां जानिए क्या है पूरा मामला

सात सितंबर की शाम कमालपुर के भाड़ावास रोड पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम डिपो के पास ठेकेदार प्रवीण ने अपने करीबी दोस्त जितेंद्र के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। जिसका एक सीसीटीवी भी सामने आया था। जिसमें आरोपी रिफाइनरी ने दीवार के पास खड़ा होकर बाथरूम करते समय जितेंद्र के सिर पर हमला करता दिख रहा है।

आरोपी ने हमले से गिरने के बाद भी उस पर तीन वार किए। जिसमें उसका साथी उसे पीछे खींचता दिख रहा है। पुलिस ने मृतक के चाचा एवं भाजपा नेता उत्तम सिंह की शिकायत पर प्रवीण ठेकेदार को नामजद कर एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था।