झज्जर के बेरी शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों और पार्षदों का गुस्सा फूट पड़ा। माता भीमेश्वरी देवी मंदिर के पीछे लंबे समय से कचरा डाले जाने से नाराज लोगों ने शहर से उठाए गए कचरे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली नगर पालिका कार्यालय के गेट पर खाली कर दी।
लोगों का आरोप है कि करीब एक साल से मंदिर के पीछे कचरा डाला जा रहा है और शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। नवरात्र से पहले मंदिर के आसपास गंदगी को लेकर लोगों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी की। वहीं, नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता ने टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कचरा हटाने का आश्वासन दिया है।
लोगों और पार्षदों का आरोप है कि माता भीमेश्वरी देवी मंदिर के पीछे करीब एक साल से शहर का कचरा डाला जा रहा है। कई बार नगर पालिका अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। इसी से नाराज होकर लोगों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
नवरात्र से पहले मंदिर के पास गंदगी पर सवाल
माता भीमेश्वरी देवी मंदिर बेरी का प्रमुख धार्मिक स्थल है और नवरात्र के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर के पीछे कचरे का ढेर लगा होने से श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल के आसपास सफाई व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए।
पालिका ने कहा- टेंडर के बाद होगा समाधान
नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता रोहित लोहचब ने बताया कि मंदिर के पीछे पड़े कचरे को उठाने के लिए टेंडर लगाया गया है, जो जल्द खोला जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद समस्या का समाधान किया जाएगा और आमजन व श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।