पूर्व BJP मंत्री की भूपेंद्र-दीपेंद्र हुड्डा को बहस की चुनौती:रोहतक में ग्रोवर बोले- अशोक तंवर की गर्दन तोड़ी, सैलजा को मंच से उतारा

रोहतक में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने विधायक भारत भूषण बतरा को टारगेट करते हुए कहा कि उनकी जांच अब करवा लें, कौन रोक रहा है। विधानसभा में सवाल उठा ले, सीबीआई को लिखकर भेज दें, क्योंकि कांग्रेस का राज तो आना नहीं है। कांग्रेस व विधायक मुंगेरी लाल के सपने देख रहे है।

मनीष ग्रोवर ने कहा कि भाजपा का राज पूरे देश में बार-बार आ रहा है, क्योंकि देश व प्रदेश की जनता कांग्रेस को नकार चुकी है। वर्तमान समय में पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा की फाइल बंद होने जा रही है। आज पूरा प्रदेश भूपेंद्र हुड्डा के खिलाफ है। यहां तक कि कांग्रेस नेता भी उनके खिलाफ है।

भूपेंद्र हुड्डा हवा में मार रहे तीर

मनीष ग्रोवर ने कहा कि कांग्रेस के नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, राव नरेंद्र सिंह, कुलदीप शर्मा, अशोक तंवर, कुमारी सैलजा, बीरेंद्र सिंह व रणदीप सुरजेवाला, सभी भूपेंद्र हुड्डा के खिलाफ है। भूपेंद्र हुड्डा हवा में तीर छोड़ रहे है। 5 साल में कभी किलोई नहीं गए, अब क्यों घूमना पड़ रहा है।

दिल्ली में अशोक तंवर की तोड़ी गर्दन

मनीष ग्रोवर ने तंज कसते हुए कहा कि भूपेंद्र हुड्डा ने कुमारी सैलजा को गोहाना के बरोदा चुनाव में मंच से नीचे कर दिया। अशोक तंवर की दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में गर्दन तोड़ दी। अब राव नरेंद्र ने प्रदेश में कांग्रेस पर काबू किया और भूपेंद्र हु्ड्डा के गले में रस्सी डालकर लगाम लगा दी है।

विपक्ष में भूपेंद्र हुड्डा तो वहीं दिखेगा

मनीष ग्रोवर ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा विपक्ष में है तो वह दिखेगा। किसी ओर को विपक्ष में बैठा दो, फिर उसके बारे में कहेंगे। जो विपक्ष में बैठा है, उसके बारे में ही तो कहेंगे। 12 साल में भाजपा ने बहुत काम किए। रोहतक शहर को भी फाटक मुक्त बना दिया है।

भूपेंद्र, दीपेंद्र व बतरा को बहस की चुनौती

मनीष ग्रोवर ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा बोल रहे कि 4 पावर हाउस बनाए, लेकिन कहां बनाए, गांवों में बिजली तो मिलती नहीं थी। भाजपा राज में 16 घंटे बिजली मिल रही है। भूपेंद्र हुड्डा एक काम तो बता दे। वह बहस करने को तैयार है। खुली चुनौती दे रहे हैं कि भूपेंद्र हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा या विधायक बीबी बतरा, किसी को भी ले आए, बहस को तैयार हैं।