काली सरकार 22 साल से बाबा बनकर छिपा था:झांसी में दिव्य दरबार लगाता, बीमारियां ठीक करने का दावा करता; एक शिकायत से खुली पोल

झांसी में ‘काली सरकार बाबा’ के नाम से फेमस प्रदीप शुक्ला उर्फ नटरोज 22 साल से छिपकर रह रहा था। एक छोटी सी शिकायत से उसके हिस्ट्रीशीटर होने की पोल खुल गई।

उसके खिलाफ कुछ स्थानीय लोगों ने गाली-गलौज कर धमकाने की शिकायत की थी, जो एसएसपी तक पहुंच गई। तब मामले की जांच हुई। करीब 4 दिन पहले उसे मऊरानीपुर थाने बुलाया गया। उससे पूछताछ की गई।

उसे लोग सत्यानंद शुक्ला उर्फ काली सरकार के नाम से जानते थे। मगर पुलिस को उसका असली नाम और एड्रेस मिल गया। नाम बदलकर रहने की वजह से पुलिस को शक हो गया। तब हरदोई पुलिस से संपर्क साधा गया।

हरदोई पुलिस के रिकॉर्ड में प्रदीप शुक्ला हिस्ट्रीशीटर निकला। ये भी पता चला कि वो 33 साल पुराने लूट के एक मामले में आरोपी है। तब SSP विकास कुमार ने हरदोई के पुलिस अफसरों से बात की। हरदोई पुलिस आरोपी के खिलाफ जारी हुए वारंट लेकर झांसी पहुंची। इसके बाद रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।