‘राजभर को चुनाव लड़ने के लिए जमीन नहीं मिल रही’:कानपुर में श्याम लाल पाल बोले- भाजपा ने वोट चोरी कर लोकतंत्र की हत्या की

कानपुर में सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने ओम प्रकाश राजभर के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने अखिलेश यादव को अपनी विधानसभा सीट जहूराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। पाल ने कहा कि राजभर का राजनीतिक धरातल खिसक गया है, इसलिए वह इस तरह के बयान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों को लेकर सरकार सत्ता में आई थी, उन पर वह विफल रही है। ऐसे नेताओं को चुनाव लड़ने के लिए जमीन नहीं मिल पा रही है, इसलिए वे इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं।

‘संविधान में आरक्षण की व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू नहीं’

श्याम लाल पाल ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान खतरे में हैं। संविधान में लोगों को आगे बढ़ने के लिए आरक्षण की व्यवस्था की गई है, लेकिन सरकार इसे प्रभावी ढंग से लागू करने में असफल रही है। दिल्ली में CJP और विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा।

पाल ने आरोप लगाया कि भाजपा ने वोट चोरी के जरिए लोकतंत्र की हत्या करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अब आम जनता भाजपा के खिलाफ आ चुकी है और उसे बख्शेगी नहीं। पाल ने कहा- इन्होंने जब भगवान राम को नहीं बख्शा, तो वे देश को क्या बख्शेंगे।

श्याम लाल पाल रविवार रात पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर आयोजित कवि सम्मेलन में शामिल हुए। कार्यक्रम में कवियों ने अपनी रचनाओं और काव्य पंक्तियों के माध्यम से मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी।