लखनऊ के समरीन हत्याकांड में फरार बॉयफ्रेंड ने सरेंडर कर दिया है। आरोपी अवनीश जायसवाल उर्फ देव गुरुवार शाम अपने वकील के साथ ACJM कोर्ट पहुंचा। जहां कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे हिरासत में ले लिया गया।
एडीसीपी साउथ रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेने के लिए जल्द ही कोर्ट में अर्जी दी जाएगी। रिमांड के बाद पुलिस उससे पूछताछ शुरू करेगी और जल्द से जल्द मामले का खुलासा करेगी।
24 साल की समरीन की सोमवार शाम 6.30 बजे होटल सेलेस्टियल मैन्योर की 10वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। वह अवनीश के साथ रुकी थी। उसके गिरने के बाद अवनीश भाग गया था। दोनों ने होटल में दोपहर 12 बजे चेक-इन किया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में समरीन की मौत का कारण गंभीर चोटों के चलते शॉक और हैमरेज बताया गया। ऊंचाई से गिरने से उसकी कमर और दोनों पैर टूट गए थे। सिर में गंभीर चोट आई थी। घटना सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में हुई थी। पुलिस अवनीश की तलाश में सुल्तानपुर, अयोध्या और उन्नाव में दबिश दे रही थी।
दिन में दोनों होटल आए, शाम को लड़की गिरी
- पुलिस के मुताबिक, समरीन लखनऊ की ही रहने वाली थी। अवनीश उर्फ देव सुल्तानपुर की दोस्तपुर नगर पंचायत के मोहल्ला फिरोजपुर खुर्द का रहने वाला है। समरीन एक होटल में काम करती थी और शादीशुदा थी। उसका पति से तलाक का केस चल रहा है। इसे लेकर सोमवार को पेशी थी, लेकिन वह नहीं गई। वह सुबह 11 बजे बहन हबीबा के लिए कपड़े लेने की बात कहकर घर से निकली थी।
- अवनीश ने होटल का कमरा नंबर-1037 बुक कराया था। वह सोमवार दोपहर 12 बजे समरीन के साथ होटल पहुंचा। शाम 6 बजे समरीन बालकनी से नीचे गिर गई। यह देखकर देव दौड़कर लिफ्ट में घुस गया। इसके बाद वह ग्राउंड फ्लोर से बाहर निकला, फिर पार्किंग से अपनी बाइक लेकर वहां से भाग गया। कुछ देर बाद पुलिस पहुंची। सबूत इकट्ठा किए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
पांच बहनें और दो भाई, मां के साथ रहती थी समरीन
समरीन पांच बहनों और दो भाइयों में तीसरे नंबर पर थी। पिता मोहम्मद तज्जू की 7 साल पहले मुंबई में मौत हो गई थी। बड़ा भाई इमरान सऊदी अरब और छोटा भाई आमिर ओमान में रहता है। दोनों कपड़ों पर कारीगरी का काम करते हैं।
समरीन की शादी 6 साल पहले चौपटिया की तंबाकू मंडी के पास रहने वाले युवक से हुई थी। शादी के बाद एक बच्चा हुआ, लेकिन 6 महीने में उसकी मौत हो गई। एक साल बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। फिर समरीन मां और बहनों के साथ रहने लगी।
मां ने धक्का देकर गिराने का आरोप लगाया था
समरीन की मां सूफिया बानो ने आरोप लगाया था कि लड़के का नाम देव है। उसने हाथ में कलावा बांध रखा था। होटल में उसने कोई दूसरा नाम लिखवाया था। मेरी बेटी कपड़े लेने गई थी। लड़का उसे अकबरी गेट से बहलाकर होटल ले गया। वहां कमरे में जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर 10वीं मंजिल से धक्का देकर नीचे गिरा दिया। उसका भाई DSP है। मुझे इंसाफ चाहिए।
अंबेडकरनगर में दुकान, दोस्तपुर में ननिहाल
पुलिस के मुताबिक, अवनीश का मूल निवास अंबेडकरनगर के अकबरपुर में है। टांडा रोड स्थित ओवरब्रिज के पास उसकी ‘भूषण मशीनरी स्टोर’ नाम से दुकान है। पिता संतलाल जायसवाल दुकान पर बैठते हैं। परिवार में तीन भाई और चार बहनें हैं। अवनीश अपने ननिहाल सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर कस्बे में रहता है।