सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी फ्रेंच ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में हार गई है। जबकि अस्मिता चालिहा और तन्वी शर्मा विमेंस सिंगल्स में अपने-अपने मुकाबले जीतकर आगे बढ़ गई है।
पेरिस में मंगलवार को मेंस डबल्स के राउंड ऑफ 32 मैच में सात्विक-चिराग की जोड़ी को फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव और टोमा जूनियर पोपोव ने 19-21, 21-18, 13-21 से हराया। यह मुकाबला एक घंटे से कुछ ज्यादा समय चला।
सात्विक-चिराग तीसरे गेम में हारे
सात्विक और चिराग ने क्रिस्टो पोपोव और टोमा जूनियर पोपोव के खिलाफ दूसरा गेम जीतकर वापसी की। हालांकि, भारतीय जोड़ी निर्णायक गेम में 13-21 से हार गई।
इससे पहले महिला डबल्स में ट्रेसा जॉली और गायत्री गोपीचंद को राउंड ऑफ 32 में हार मिली। भारतीय जोड़ी को चाइनीज ताइपे की लिन चिह-चुन और यांग चु यून ने 21-17, 21-18 से हराया।
अस्मिता और तन्वी सीधे गेम में जीतीं
अस्मिता ने चीन की हांग कियान शी को 21-18, 24-22 से हराया। उन्होंने यह मुकाबला 39 मिनट में जीता और अगले राउंड में जगह बनाई।
तन्वी शर्मा ने अपनी हमवतन ईशारानी बरुआ को 21-12, 21-12 से हराया। 32 मिनट में मिली इस जीत के साथ तन्वी राउंड ऑफ 16 में पहुंच गईं।