जौनपुर में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में स्टेट लेवल के खो-खो खिलाड़ी की मौत हो गई। वह बुधवार रात करीब 11:30 बजे अपने चचेरे भाई के साथ बाइक से रामलीला देखने मछलीशहर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार पांचों लोग कई फीट उछलकर सड़क पर गिर पड़े। दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने खो-खो खिलाड़ी को मृत घोषित कर दिया।
घटना जिला मुख्यालय से करीब 27 किलोमीटर दूर सिकरारा थाना क्षेत्र के मछलीशहर-अरुआवा रोड की है। मृतक की पहचान लाजीपार निवासी धरम सरोज (22) के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। हादसे में उनके चचेरे भाई और दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग घायल हुए हैं। सभी का इलाज चल रहा है।
अब जानिए पूरा मामला
लाजीपार निवासी लल्लू सरोज (48) सूरत की एक कंपनी में नौकरी करते हैं। परिवार में उनकी पत्नी आशा देवी, तीन बेटियां रंजना, पूजा और प्रीति और एक बेटा धरम था। तीन बेटियों में से एक की शादी हो चुकी है।
धरम बुधवार रात अपने चचेरे भाई सूरज के साथ रामलीला देखने मछलीशहर जा रहे थे। मछलीशहर-अरुआवा मार्ग पर अरुआवा के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में धरम की मौत हो गई, जबकि सूरज और दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार तीनों लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सूरज को इलाज के लिए मछलीशहर ले जाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और धरम के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। परिवार के इकलौते बेटे को खोने से माता-पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जिला स्तर से स्टेट टीम तक बनाई पहचान
धरम ने वर्ष 2015 में जिला स्तर पर खो-खो खेलना शुरू किया था। वर्ष 2018 में उनका चयन उत्तर प्रदेश की स्टेट टीम में हुआ। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग राज्यों में आयोजित प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और कई मुकाबलों में जीत हासिल की। वह जनता इंटर कॉलेज में अभ्यास करते थे।
धरम का चयन 57वीं सीनियर राष्ट्रीय महिला-पुरुष खो-खो चैंपियनशिप-2025 के लिए भी हुआ था। यह प्रतियोगिता 31 मार्च से 4 अप्रैल 2025 तक ओडिशा में आयोजित की गई थी।
कोच बोले- जिला से स्टेट लेवल पर कई प्रतियोगिताएं जिताया
कोच गुलाब चंद्र यादव ने बताया कि धरम के बेहतर प्रदर्शन की बदौलत जौनपुर की टीम ने स्टेट लेवल की प्रतियोगिता में चैंपियनशिप जीती थी। धरम ने बनारस में मंडल स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं और स्कूल गेम्स में भी प्रतिभाग किया था। उन्होंने कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और जीत हासिल की थी।
सिकरारा थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया-
रात में सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। अभी तहरीर नहीं मिली है। अन्य घायलों का इलाज कराया जा रहा है।