लुधियाना के कस्बा खन्ना में BSNL के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) को धमकाने, गोली मारने की धमकी देने और सोशल मीडिया पर पोस्ट हटाने के बदले 2 लाख रुपए मांगने का मामला सामने आया है।
शिकायतकर्ता नरिंदर सिंह निवासी उत्तम नगर खन्ना की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सोशल मीडिया एक्टिविस्ट गौरव मेनरो निवासी छिब्बू मल्ल चौक, खन्ना के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत में BSNL एक्सचेंज नजदीक मंजा मार्केट, जीटी रोड खन्ना में तैनात जेई नरेंद्र सिंह निवासी उत्तम नगर, भट्टियां ने बताया कि 16 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे वह अपने कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान गौरव मेनरो उनके पास आया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकियां देने लगा।
कई दिनों से मांग रहा पैसे
नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि गौरव मेनरो पिछले कई दिनों से BSNL एक्सचेंज के चक्कर लगा रहा था और उनसे पैसे मांग रहा था। आरोप है कि आरोपी ने फेसबुक पेज ‘Khanna Daily Update’ पर उनके खिलाफ पोस्ट डालकर बदनाम करने की बात कही और पोस्ट हटाने के बदले 2 लाख रुपये मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर गोली मारने और शारीरिक नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस हेल्पलाइन 112 पर भी की शिकायत
शिकायतकर्ता के अनुसार, विभाग के अकाउंट अधिकारी राजन अरोड़ा ने आरोपी को समझाकर वहां से भेजा था। इसके बाद उन्होंने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी और पुलिस हेल्पलाइन 112 पर भी संपर्क किया।
गौरव मेनरो सोशल मीडिया पर सक्रिय है और उसका फेसबुक पेज भी है। बता दें कि आरोपी लंबे समय से पंजाब सरकार के खिलाफ भी सोशल मीडिया पर प्रचार करता रहा है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
शिकायत के मुताबिक, BSNL विभाग ने वर्ष 2023 से गौरव मेनरो के एक्सचेंज परिसर में प्रवेश पर लिखित रूप से रोक लगा रखी है। शिकायतकर्ता ने इसी बात को रंजिश की वजह बताया है। 24 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र सिंह ने लखवीर सिंह के साथ थाना सिटी-2 खन्ना में पहुंचकर अपना बयान दर्ज करवाया। एसएचओ तरविंदर कुमार बेदी ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।