करनाल शहर में यातायात ड्यूटी के दौरान विवाद शांत कराने पहुंचे होमगार्ड और एसपीओ के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार शा करीब 4 बजे दयाल सिंह कॉलेज के पास टी-पॉइंट की है। यहां दो युवतियों और एक युवक के बीच किसी बात को लेकर तेज आवाज में बहस हो रही थी।
आरोप है कि बीच-बचाव करने पर युवक ने होमगार्ड और एसपीओ के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। युवक ने एसपीओ की नाक पर मुक्का मारा, जबकि होमगार्ड के सिर पर मोबाइल से वार किया और उसके दाहिने कंधे पर भी मुक्के मारे। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर उसके खिलाफ केस दर्ज किया है।
दो युवतियों और युवक में हो रही थी बहस
करनाल के कर्ण विहार निवासी मुकेश हरियाणा पुलिस में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। उनकी ड्यूटी सिटी ट्रैफिक थाना करनाल में है। मुकेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 अक्टूबर को वह दयाल सिंह कॉलेज के पास टी-पॉइंट पर यातायात ड्यूटी कर रहे थे। शाम करीब 4 बजे पास में खड़ी एक रेहड़ी के नजदीक ऊंची आवाज में बहस सुनाई दी। वहां पहुंचकर देखा तो दो अज्ञात युवतियां एक युवक से बहस कर रही थीं। युवतियां युवक पर गलत इशारे करने का आरोप लगा रही थीं। तीनों के बीच विवाद बढ़ता देखकर मुकेश कुमार ने बीच-बचाव किया।
एसपीओ की नाक पर मारा मुक्का
शिकायत के अनुसार, इसी दौरान डायल-112 बाइक पर तैनात एसपीओ रणधीर सिंह, सरकारी बाइक पर गश्त करते हुए वहां पहुंचे। विवाद देखकर उन्होंने भी युवक को समझाने का प्रयास किया। पूछने पर युवक ने अपना नाम आकाश बताया।
आरोप है कि समझाने के बावजूद वह गाली-गलौज करने लगा और दोनों पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी देते हुए धक्का-मुक्की करने लगा। इसी दौरान उसने एसपीओ रणधीर सिंह की नाक पर जोर से मुक्का मारा, जिससे उनकी नाक से काफी खून बहने लगा। इसके बाद युवक ने मुकेश कुमार के सिर पर मोबाइल से वार किया और दाहिने कंधे पर भी कई मुक्के मारे।
राहगीरों की मदद से पकड़ा
मुकेश कुमार के अनुसार, राहगीरों की मदद से युवक को काबू किया गया और पुलिस के सामने पेश कर दिया। शिकायत के साथ मुकेश कुमार और एसपीओ रणधीर सिंह की मेडिकल रिपोर्ट भी दी गई है। मुकेश कुमार की रिपोर्ट में दो साधारण चोटें दर्ज थीं। वहीं रणधीर सिंह की रिपोर्ट में एक चोट दर्ज की गई।
केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एसआई विकास को सौंपी गई है। पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम आकाश उर्फ योगेश पुत्र सुशील कुमार, निवासी सेक्टर-6 करनाल बताया। मामले में बीती रात को मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब जांच कर रही है।