जहरीली शराब: देवास के कलेक्टर-SP हटाए, 3 आबकारी अफसर सस्पेंड:सागर के कलेक्टर-SP बदले, दोनों जिलों में 49 मौतें; अंजू सिवनी की नई कलेक्टर

मध्यप्रदेश में जहरीली शराब से मौतों के मामलों के बीच राज्य सरकार ने देवास और सागर के कलेक्टर-SP बदल दिए हैं। देवास में जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया समेत 3 आबकारी अफसरों को भी निलंबित किया गया है।

दोनों जिलों के SP को पुलिस मुख्यालय भोपाल में पदस्थ किया गया है। देवास के SP पुनीत गहलोत और सागर के SP अनुराग सुजानिया को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) बनाया गया है।

सरकार ने देवास कलेक्टर ऋतुराज को सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव और सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल को मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम का प्रबंध संचालक बनाया है। सिवनी कलेक्टर नेहा मीना को देवास भेजा गया है, जबकि उनकी जगह अंजू अरुण कुमार को सिवनी का नया कलेक्टर बनाया गया है।

तीन जिलों में नए कलेक्टर

दिलीप कुमार यादव सागर के नए कलेक्टर होंगे। वे इससे पहले मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक थे। अंजू अरुण कुमार को सिवनी का कलेक्टर बनाया गया है। इससे पहले वे पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव थीं। नेहा मीना को सिवनी से देवास पदस्थ किया गया है।

देवास में आदित्य मिश्रा, सागर में संजीव सिन्हा नए SP बालाघाट के SP आदित्य मिश्रा को देवास का नया SP बनाया गया है। सागर में संजीव कुमार सिन्हा को जिम्मेदारी दी गई है। वे इससे पहले ग्वालियर में विशेष सशस्त्र बल की 14वीं वाहिनी में सेनानी थे। आदित्य मिश्रा के तबादले के बाद बालाघाट में नए SP की नियुक्ति होना बाकी है। सागर में सितंबर में जहरीली शराब कांड के बाद तत्कालीन SP अनुराग सुजानिया पर तुरंत कार्रवाई नहीं हुई थी। अब देवास में शराब से मौतों के मामलों के बीच दोनों जिलों के SP बदले गए हैं।

अंजू का 10 दिन में दूसरी बार तबादला

अंजू अरुण कुमार को 10 दिन के भीतर दूसरी बार नई पदस्थापना मिली है। नवरात्र के दौरान उन्हें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में भेजा गया था। इससे पहले वे भोपाल स्मार्ट सिटी की CEO थीं और उनके पास भोपाल नगर निगम के अपर आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी था।

अंजू अरुण कुमार, जबलपुर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा की पत्नी हैं। उन्हें जबलपुर संभाग के सिवनी जिले का कलेक्टर बनाया गया है। इससे पहले इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा और बड़वानी कलेक्टर जयति सिंह की पोस्टिंग भी इंदौर संभाग में की गई थी। दोनों पति-पत्नी हैं।

हत्या का केस दर्ज नहीं तो 50 हजार लोगों के साथ निकालूंगा यात्रा

देवास में जहरीली शराब से मौतों के मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। उन्होंने मांग की कि जिम्मेदारों पर हत्या का केस दर्ज किया जाए। पटवारी ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं हुई तो इंदौर-उज्जैन से 50 हजार लोगों को जुटाकर देवास से उज्जैन तक पैदल यात्रा निकालेंगे।

प्रदर्शन में मृतकों के परिजन तस्वीरें लेकर धरने पर बैठे। पटवारी ने अधिकारियों से अवैध शराब की बिक्री पर सवाल उठाए और जांच में देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने एडीएम शोभाराम सोलंकी के सामने शराब की बोतल दिखाकर जांच प्रक्रिया पर तंज भी कसा।

सिंघार ने पूछा- आबकारी आयुक्त पर कार्रवाई कब होगी?

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि सागर और देवास शराब कांड के बाद मुख्यमंत्री की नींद खुली। उन्होंने दोनों जिलों के SP और कलेक्टर के तबादले के लिए जनता की ओर से धन्यवाद दिया।

सिंघार ने आरोप लगाया कि जहरीली शराब का कारोबार आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना के संरक्षण में फल-फूल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि आबकारी आयुक्त पर कार्रवाई कब होगी।