4-करोड़ की घड़ियां चुराने वालों को 3000KM पीछा कर पकड़ा:जयपुर में राडो शोरूम से चुराई थी 251 लग्जरी घड़ियां; 9 राज्यों में चोरी कर चुकी गैंग

जयपुर में विदेशी ब्रांड राडो के शोरूम से 4 करोड़ रुपए की घड़ियां चुराने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने 26 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने करीब 3000 किलोमीटर का सफर किया और 800 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

पुलिस ने बिहार के मोतिहारी जिले से घोड़ासहन गैंग के 2 आरोपियों अजय प्रसाद जायसवाल (41) और दिनेश पासवान (46) को पकड़ लिया। मंगलवार को मेडिकल के लिए जयपुरिया हॉस्पिटल ले जाते समय एक आरोपी ने दीवार कूदकर भागने की कोशिश। उसका पैर फ्रैक्चर हो गया।

हॉस्पिटल में इलाज के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 6 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की घड़ियों की बरामदगी के साथ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

50 से ज्यादा ठिकानों पर दबिश, नेपाल सीमा तक निगरानी

डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया- टोंक रोड स्थित ग्लास फैक्ट्री के पास राडो घड़ी के शोरूम में 1 अक्टूबर को चोरी हुई थी। बदमाशों ने पहले शोरूम की रेकी की थी। इसके बाद शटर तोड़कर 36 मिनट में करीब 4 करोड़ रुपए कीमत की 251 घड़ियां चुराकर फरार हो गए थे।

शोरूम मालिक ने बजाज नगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच के लिए स्पेशल टीमें बनाई गई। बजाज नगर थाना पुलिस, सीएसटी और डीएसटी जयपुर ईस्ट की टीमों ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के साथ रास्तों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

जांच के दौरान पुलिस जयपुर, कोटपूतली, गुरुग्राम, दिल्ली और गाजियाबाद सहित 50 से ज्यादा स्थानों पर पहुंची। वहां आरोपियों के ठिकानों और उनके आने-जाने से जुड़े सुराग मिले। नेपाल के बीरगंज और रक्सौल बॉर्डर क्षेत्र में भी निगरानी रखी गई, ताकि चोरी का माल दूसरे स्थान पर नहीं बेचा जा सके।

जांच करते हुए पुलिस टीम बिहार के मोतिहारी जिले के घोड़ासहन क्षेत्र तक पहुंची, जहां आरोपियों की तस्वीरों के आधार पर पहचान की गई। पुलिस जांच में वारदात में शामिल 8 लोगों के नाम सामने आए हैं। इनमें सुबोध उर्फ विकास डूम, सुरेंद्र प्रसाद उर्फ बैला, अरुण शाह, श्याम बाबू उर्फ गुल्लीशाह, अजय प्रसाद जायसवाल, राजा मलाह (साहनी), राजकुमार मलाह और दिनेश पासवान शामिल हैं।

9 राज्यों में मोबाइल-ज्वेलरी शोरूम में कर चुके चोरी

डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया- गिरोह के बदमाश देश के अलग-अलग शहरों में महंगी घड़ियों, मोबाइल फोन और ज्वेलरी की दुकानों की रेकी करते थे। वारदात के दौरान दुकान के सामने पर्दा या बेडशीट लगाकर शटर तोड़ते और चोरी कर फरार हो जाते थे।

जांच में आरोपियों के खिलाफ कोटा, मध्यप्रदेश के उज्जैन और रतलाम, गुजरात के वडोदरा, केरल के कोच्चि, दिल्ली, पश्चिम बंगाल के आसनसोल और अलीपुरद्वार, महाराष्ट्र के जलगांव, त्रिपुरा और झारखंड के धनबाद सहित कई शहरों में मोबाइल चोरी की वारदातों के सुराग मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने भारत के अन्य शहरों और नेपाल में भी वारदातें की हैं।