पंजाब में पूर्व मंत्री के घर ED रेड:3-4 गाड़ियों में सुंदर शाम अरोड़ा के आवास पहुंचे अफसर, CRPF भी साथ

होशियारपुर से कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के घर पर ED ने रेड की। सोमवार सुबह करीब 8 बजे केंद्रीय एजेंसियों की टीम पूर्व विधायक के घर पहुंची। टीम फिलहाल घर के अंदर जांच कर रही है। 3 से 4 गाड़ियों में केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारी उनके घर पहुंचे। अधिकारियों के साथ CRPF के जवान भी मौजूद हैं।

केंद्रीय एजेंसियों की इस कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। टीम किस मामले में पहुंची है और क्या कार्रवाई की जा रही है, इसे लेकर पुलिस ने भी कुछ स्पष्ट नहीं किया है। इससे पहले भी ED पूर्व विधायक के घर जांच कर चुकी है।

7 जनवरी को भी हुई थी घर पर रेड 27 जनवरी को भी ईडी ने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के साथ अरोड़ा के घर पर दबिश दी थी और दस्तावेज खंगाले थे। हालांकि, टीम ने घर के अंदर से क्या मिला, इसे लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की थी। अब दूसरी बार रेड हुई है। अधिकारियों को किस तरह के इनपुट मिले थे और अब किन एंगल से जांच की जा रही है, इसके बारे में जानकारी दी।

सुंदर शाम अरोड़ा पर 2 बड़े मामले

मोहाली में इंडस्ट्रियल प्लॉट ट्रांसफर का मामला पहला मामला पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन (PSIEC) के एक औद्योगिक प्लॉट को रियल एस्टेट कंपनी को ट्रांसफर करने से जुड़ा था। आरोप था कि औद्योगिक जमीन को 12 प्लॉट से बांटकर 125 प्लॉट में बदलने की मंजूरी दी गई। विजिलेंस ने जनवरी 2023 में सुंदर शाम अरोड़ा, एक IAS अधिकारी और अन्य अधिकारियों सहित कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने दिसंबर 2024 में इस मामले की FIR रद्द कर दी थी।

50 लाख रुपए रिश्वत देने का मामला अक्टूबर 2022 में विजिलेंस ब्यूरो ने अरोड़ा को गिरफ्तार किया था। आरोप था कि उन्होंने अपने खिलाफ चल रही जांच में राहत दिलाने के लिए विजिलेंस के AIG मनमोहन कुमार को एक करोड़ रुपए देने की पेशकश की थी। इसमें से 50 लाख रुपए की पहली किस्त देते समय उन्हें गिरफ्तार किया गया था।बाद में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने इस मामले की कार्यवाही पर रोक लगा दी थी।