वैशाली में पुलिस-STF के साथ लूट, आर्म्स एक्ट के आरोपी की मुठभेड़ हुई। जिले के सदर थाना क्षेत्र के मरमला चौर में रविवार देर रात एनकाउंटर में आरोपी को गोली लगी है। समस्तीपुर में 2 साल पहले हुए 2 करोड़ की ज्वेलरी लूट के आरोपी राजनंदन को पुलिस और STF पकड़ने पहुंची तो उसने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, जवाब में पुलिस ने आरोपी को दौड़ाकर फायरिंग की। इस दौरान उसके दाहिने पैर में गोली लगी।
पुलिस ने घायल आरोपी को पकड़ा और इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस कस्टडी में उसका इलाज चल रहा है। लूट केस में 2025 में आरोपी समस्तीपुर कोर्ट कैंपस से फरार हो गया था।
आरोपी पर करीब 17 मामले दर्ज
घायल आरोपी की पहचान सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी कला निवासी चंदेश्वर राय के बेटे राज नंदन कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, छोटू पर वैशाली और समस्तीपुर में लूट और आर्म्स एक्ट समेत करीब 17 मामले दर्ज हैं। छोटू समस्तीपुर के चर्चित अनिल ज्वेलर्स लूटकांड का मुख्य आरोपी था।
2023 में अनिल ज्वेलर्स से हुई थी 2 करोड़ की लूट
23 नवंबर 2023 को समस्तीपुर के पुरानी पोस्ट ऑफिस रोड स्थित अनिल ज्वेलरी शॉप में लूट हुई थी। लूट का CCTV फुटेज सामने आया था। वीडियो में पहले दो और फिर तीन बदमाश शॉप के अंदर प्रवेश करते हुए दिखे। सभी बदमाश 15 मिनट तक शॉप में मौजूद रहे। इस दौरान गन पाॅइंट पर करीब 2 करोड़ की लूट की घटना को अंजाम दिया गया।
शॉप के ऑनर अनिल कुमार के अनुसार, 103 पैकेट में रखे सोना, चांदी और हीरे के जेवरात अपराधी उठाकर ले गए थे। 39 आइटम की लूट हुई है। इसमें सोने की चेन, अंगूठी, हार के अलावा चांदी के गहने और हीरे से बने ज्वेलरी शामिल थी।
2025 में कोर्ट परिसर से भागा था
इस लूट के मुख्य आरोपी राजनंदन उर्फ छोटू को समस्तीपुर पुलिस ने 9 जनवरी 2025 को गिरफ्तार कर लिया था। 2025 में कोर्ट में पेशी के दौरान वह समस्तीपुर कोर्ट परिसर से फरार हो गया था। इसके बाद से वैशाली पुलिस और STF उसकी तलाश कर रही थीं।
घटनास्थल से हथियार भी बरामद
पुलिस को सूचना मिली थी कि छोटू रविवार रात अपने गांव के पास मरमला चौर में छिपा है और किसी वारदात की योजना बना रहा है। पुलिस और STF की संयुक्त टीम छोटू की तलाश में छापेमारी करने पहुंची थी।
सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार के नेतृत्व में STF और सदर थाने की टीम ने चौर को घेरा था। पुलिस के मुताबिक, छोटू ने टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की।
घटना के बाद एसएसपी शुभांक मिश्रा और सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार मौके पर पहुंचे। FSL की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से हथियार भी बरामद किया।